Rampur News: जिले में एक दिन रोपे गए 10 हजार से अधिक छाया और फलदार पौधे
रामपुर। पर्यावरण दिवस पर रामपुर में हर तरफ हरियाली छाई रही। यहां करीब 10 हजार से भी अधिक पौधे रोपे गए हैं। जिनमें खासतौर पर सैजन और अर्जुन के पौधे अधिक हैं। इस दिन प्रत्येक सामाजिक, राजनैतिक और शैक्षिक संस्थानों ने पूरे मनोयोग से वातावरण को स्वच्छ करने के लिए संकल्प भी लिया। वहीं एक दूसरे को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
मौजूदा समय में जनपद में इस बार का लक्ष्य 25 लाख के करीब रखा गया है, मगर पर्यावरण दिवस के दिन ही 10 हजार से अधिक के पौधे रोप दिए गए। बताया जा रहा है कि अगर प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की ही बात की जाए तो 3000 से अधिक पौघे रोपे गए हैं। जबकि कई संस्थाओं और संगठनों ने मिलाकर सात हजार के करीब पाधरोपण किया है। इनमें सबसे अधिक पौधे सैजन और अर्जुन के रोपे गए हैं। इसके अलावा अमरूद, अकेशिया, जामुन के पौध भी रोपे गए हैं। रामपुर की अगर बात की जाए तो यहां पर 500 से अधिक पाधरोपण विभिन्न संगठनो ने किया है। खास बात यह है कि पौधरोपण में सबसे अधिक भूमिका वन विभाग की रही है। विभाग द्वारा सभी विभागों के साथ मिलकर पौधरोपण का कार्यक्रम कराया है। इस दौरान अधिकारियों ने शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी लिया गया। इस दौरान सामाजिक संगठनो ने भी पौधे लगाकर हरियाली बिखेरने का संदेश दिया है। दिवस पर दिन भर पौधे लगाकर रामपुर को हरा-भरा बनाया गया। इस दौरान वन विभाग के डीएफओ राजीव कुमार ने बताया कि जिले में 10 हजार से अधिक का पौधरोपण हुआ है जो कि एक बेहतर संदेश देता है।