Rampur News: रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मारी, किशोर की मौत
स्वार। रामपुर-बाजपुर राजमार्ग स्थित रसूलपुर की पुलिया ईंट भट्ठे के पास दिन में 11 बजे के आसपास रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार किशोर अयान की मौके पर मौत हो गई। हादसे से गुस्साई भीड़ ने बस के शीशे तोड़ डाले। हंगामे के चलते मार्ग एक घंटे तक जाम रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और भीड़ को किसी तरह शांत किया।
थाना अजीमनगर के हरदासपुर कोठरा गांव निवासी नजाकत अली का बेटा अयान(16) सोमवार की सुबह किसी काम से खेमपुर गया था। लगभग सवा ग्यारह बजे वह वापस गांव लौट रहा था कि ईंट भट्ठे के पास पहुंचते ही स्वार दिशा से आ रही रोडवेज बस ने अयान की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह बीच मार्ग पर गिरा और तत्काल मौत हो गई। उसकी बाइक और हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई जिसे देखकर चालक बस छोड़कर फरार हो गया है। उत्तेजित भीड़ ने बस के शीशे तोड़ डाले। इसके चलते बस में सवार यात्री भयभीत होकर बस कूदकर भाग खड़े हुए। भीड़ और हंगामे के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई हैं ।
इस बीच हादसे, बस में तोड़फोड़ और हंगामे की सूचना मिलते ही स्वार कोतवाली पुलिस के अलावा अजीमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्वार पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। स्वार कोतवाल अजय कुमार और पुलिस बल ने भीड़ को किसी तरह समझा बुझाकर शांत किया। इसके चलते पुलिस ने रोडवेज बस को साइड कराया और जाम खुलवाकर आवागमन सुचारू करा दिया। कोतवाल अजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।