Bareilly News: सर्वजीत की गुपचुप रिहाई, किसी को भनक भी न लग पाई
बरेली। भोजीपुरा और इज्जतनगर थाना क्षेत्र में जमीनों की गलत तरीके से खरीद फरोख्त कर धोखाधड़ी में फंसे बिल्डर सर्वजीत सिंह उर्फ बिट्टू बख्शी की रिहाई हो गई है। पिछली बार अति उत्साह में रिहाई कराने वाले परिवार ने इस बार सबकुछ खामोशी से कराया।
बिट्टू बख्शी को करीब डेढ़ महीने पहले भोजीपुरा थाने से जुड़े धोखाधड़ी मामले में जेल भेजा गया था। करीब पंद्रह दिन पहले उस मामले में जमानत मिली तो उसी रात कई गाड़ियों से बिट्टू को जेल से रिहा कराने परिवार के लोग और परिचित पहुंचे थे। इसी दौरान इज्जतनगर थाना पुलिस ने अपने यहां दर्ज धोखाधड़ी के मामले में सर्वजीत सिंह को जेल से निकलते ही गिरफ्तार कर लिया। कई थानों की पुलिस जब सर्वजीत को इज्जतनगर थाने ले आई तो परिवार को इसका अहसास हुआ। रात दो बजे तक कई लोगों ने थाने में धरना भी दिया पर पुलिस ने सर्वजीत को छोड़ने से साफ इन्कार कर दिया।
सर्वजीत के परिवार ने जमानत याचिका डालकर पैरवी शुरू की। कोर्ट ने 29 मई को इस पर सुनवाई करते हुए जमानत अर्जी मंजूर कर ली। इसके बाद परिवार और पैरोकारों ने फूंक फूंककर कदम रखा। जमानतदारों का तहसील और पुलिस से सत्यापन आराम से कराया गया। इसके अलावा रिहाई के लिए जाते वक्त भी सावधानी बरती गई। शनिवार को एक कार से गए कुछ लोगों ने बिट्टू के जमानतदारों के सत्यापन और अन्य कागजात कोर्ट में पेश किए और बिट्टू को साथ ले गए।
00000
दोनों मुकदमों में चार्जशीट की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक बिट्टू बख्शी, बेटे ईशान बख्शी और महिला मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई के पर्याप्त सबूत मिल गए हैं। इन सभी के खिलाफ चार्जशीट जल्दी ही दाखिल हो सकती है। बिट्टू के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई और संपत्ति जब्त होने का विकल्प भी पुलिस साथ लेकर चल रही है। इज्जतनगर थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बिट्टू समेत कई आरोपियों के खिलाफ सबूत मिले हैं, जल्द ही चार्जशीट लगाई जाएगी।



