Budaun News: बिना समय सारिणी दौड़ रही फर्रुखाबाद-दिल्ली बस
बदायूं। जिले से करीब 15 दिन पहले ट्रायल पर शुरू की गई फर्रुखाबाद-दिल्ली रोडवेज बस सेवा का समय अब तक निर्धारित नहीं हो सका है।बस अपने मनमाफिक समय पर चलाई जा रही है, जिससे यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि अभी यात्रियों की संख्या का आंकड़ा जुटाया जा रहा है।
बदायूं से फर्रुखाबाद-दिल्ली रोडवेज बस सेवा का पंद्रह दिन पहले ट्रॉयल शुरू हुआ था। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना था कि यह बस बदायूं से फर्रुखाबाद और फर्रुखाबाद से फिर बदायूं आकर दिल्ली भेजी जा रही है। फिलहाल इस बस को ट्रॉयल पर चलाया जा रहा है। इस रूट पर सबसे ज्यादा सवारियां किस समय मिलती हैं, अभी इसका आंकड़ा सामने नहीं आया है।
एआरएम धणेंद्र कुमार चौबे ने बताया कि यात्रियों का सही आंकड़ा सामने आने पर ही यह बस समय सारिणी के अनुसार चलाई जाएगी। यहां बता दें कि अभी फिलहाल यह बस बदायूं से सुबह 11 बजे फर्रुखाबाद के लिए रवाना होती है। वहां से बदायूं और दिल्ली के लिए सवारियां भरकर करीब 2-2.30 बजे के बीच बदायूं पहुंचती है, फिर यहां से दिल्ली रवाना की जाती है।
समय निर्धारित होगा तो यात्रियों को होगा फायदा
जिले से फर्रुखाबाद-दिल्ली के लिए चलाई जा रही रोडवेज बस सेवा का समय निर्धारित न होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं हो पाती है कि यह बस किस समय आएगी और जाएगी। कभी कभी यात्रियों को एक घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। जब इस बस का समय निर्धारित हो जाएगा तो यात्रियों की परेशानी का हल हो जाएगा।


