Pilibhit News: महिला को फोन कर परेशान करने पर थाना प्रभारी निलंबित
– महिला ने बरेली के बारादरी थाने में दर्ज कराई थी रिपोर्ट
– बरेली के एसएसपी की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। बरेली के बारादरी कोतवाली क्षेत्र की महिला को फोन करने के मामले में घुंघचाई थाना प्रभारी को एसपी ने निलंबित कर दिया है। महिला ने आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बरेली के बारादरी कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने वहां थाने में तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि पांच जून को वह घर पर थी तभी शाम करीब साढे़ पांच बजे मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाला व्यक्ति अपने आपको पुलिस विभाग का दरोगा राजेंद्र सिंह बता रहा था। आरोपी महिला के साथ अभद्र बातें करने लगा। जिसपर उसने फोन काट दिया।
थोड़ी देर बाद उसी मोबाइल नंबर से उसके पास वीडियोकॉल आई। कॉल रिसीव न करने पर आरोपी ने बार-बार वीडियो कॉल कर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसके बाद महिला ने पूरा घटनाक्रम, फोटो और वीडियो सेव कर लिया और मामले की तहरीर थाना बारादरी में दी।
बारादरी पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पता लगा कि जिस नंबर से फोन आ रहा है वह पीलीभीत के घुंघचाई थाना प्रभारी का है। इसके बाद बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पीलीभीत एसपी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घुंघचाई थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही को निलंबित कर दिया है। एसपी अतुल कुमार शर्मा ने बताया कि थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

