Shahjahanpur News: दूसरे समुदाय के लोगों के प्रसाद की दुकान लगाने पर विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 07 Jun 2023 12:14 AM IST
तिलहर। मंगलवार को कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर पर दूसरे समुदाय के लोगों के प्रसाद की दुकान लगाने पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानों को हटवाकर मामला शांत किया।
करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर ओमवीर सिंह कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार को मंदिर पहुंचे। यहां पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों द्वारा प्रसाद की दुकानें लगाने का विरोध किया। उन्होंने एसडीएम दीपशिखा सिंह से फोन पर दुकानें हटवाने का अनुरोध किया। ओमवीर सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन अपने स्तर से दुकान नहीं हटवाता है तो वे कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे।
एसडीएम के निर्देश पर कार्यवाहक थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ हनुमान मंदिर पहुंचे और दूसरे समुदाय द्वारा लगवाईं प्रसाद की दुकानों को समझा-बुझाकर हटवा दिया। उन लोगों से कहा गया कि वे वहां पर प्रसाद के अलावा अन्य दुकान लगा सकते हैं। इसका विरोध नहीं किया जाएगा। पुलिस के समझाने पर मामला शांत हो गया।

