Bareilly News: स्मैक तस्करों ने जगह बदली पर धंधा नहीं, गुर्गे कर रहे सौदेबाजी
बरेली। पुलिस की बेहिसाब सख्ती के बाद भी स्मैक तस्करी का धंधा फल-फूल रहा है। फतेहगंज पश्चिमी के कई तस्कर जेल में तो कई कस्बे से बाहर हैं पर दूसरे राज्यों और शहरों में यहीं की स्मैक पकड़ी जा रही है। सूत्र बताते हैं कि स्मैक तस्कर दूर बैठकर गुर्गों के जरिये डील कर रहे हैं।
स्मैक तस्करी की वजह से जिले का फतेहगंज पश्चिमी कस्बा देश भर में चर्चित है। यहां के कुख्यात स्मैक तस्करों पर पिछले वर्ष ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। अवैध तरीके से कमाई उनकी संपत्ति सीज कर आलीशान मकान तोड़े गए। सूत्रों की मानें तो इसके बाद उन्होंने बरेली शहर की कई कॉलोनियों में करोड़ों की कोठियां बना लीं। एक-दो तस्कर रुद्रपुर में बस गए हैं और किच्छा में नेटवर्क बनाकर यूपी और उत्तराखंड में स्मैक तस्करी को अंजाम दे रहे हैं।
उस्मान और कल्लू समेत कई तस्कर काफी समय से जेल में हैं। वहीं शराफत हुसैन, रिफाकत आदि जमानत पर हैं। मौजूदा गतिविधियों को देखकर कहा जा सकता है कि जमानत पर निकले तस्कर केवल नाम के लिए कस्बे से दूर हैं पर चोरी-छिपे फतेहगंज या फिर आसपास के गांव में रहकर तस्करी को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस को गुमराह करने के लिए पुराने गुर्गों को छोड़कर युवाओं और महिलाओं से तस्करी करा रहे हैं। यही कारण है कि दूसरे शहरों में फतेहगंज पश्चिमी के तस्कर स्मैक सहित पकड़े जा रहे हैं।
सीबीगंज के रिश्तेदारों को भी धंधे से जोड़ा
हाल ही में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा ने सीबीगंज से स्मैक तस्करी के मामले में राजा नाम के आरोपी को पकड़ा था। इस मामले में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया था। एसएसपी को संदेह हुआ कि फतेहगंज पश्चिमी से सटे इस कस्बे में स्मैक तस्कर नई जमीन तैयार कर रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने जांच कराई तो पता लगा कि फतेहगंज पश्चिमी के तस्करों का ही नेटवर्क यहां काम कर रहा है। राजा फतेहगंज पश्चिमी के तस्कर रिफाकत का बहनोई निकला और उसी के गुर्गों के साथ मिलकर धंधा करने की बात सामने आई।
स्मैक तस्करों पर काफी सख्ती की गई है। फतेहगंज पश्चिमी और फरीदपुर क्षेत्र इसके लिए चर्चित थे, जहां लगातार कार्रवाई की जा रही है। सीबीगंज में भी वहीं के लोगों ने नेटवर्क बनाने का प्रयास किया है, जिन पर सख्ती की गई है। इनकी भी संपत्ति जब्त की जाएगी। – प्रभाकर चौधरी, एसएसपी



