Bareilly News: निजी अस्पताल के दो कर्मचारियों की सड़क हादसे में मौत
नवाबगंज (बरेली)। उत्तराखंड के मां पूर्णागिरि धाम से दर्शन करके लौटते समय निजी अस्पताल के दो कर्मचारियों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी घायल हो गया। पीलीभीत जिले में उनकी कार को टक्कर मारकर कोई बड़ा वाहन निकल गया, जिसकी वजह से यह घटना हुई।
हाफिजगंज के बढ़ेपुरा गांव निवासी सुमित कुछ साल से बरेली में किराये पर रह रहे थे और बीसलपुर रोड के निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग स्टाफ के सुपरवाइजर थे। शहर निवासी आदित्य उनके दोस्त थे। वह एक महीने पहले तक पीलीभीत रोड के निजी अस्पताल में वार्डब्यॉय थे और अब उसी अस्पताल में कैंटीन चला रहे थे, जिसमें सुमित काम कर रहे थे। इनके तीसरे दोस्त नवाबगंज की गंगवार कॉलोनी निवासी सूरज सिंह यादव भी साथ थे, जो इसी अस्पताल में सुपरवाइजर हैं।
तीनों लोग सूरज सिंह की कार से शनिवार को पूर्णागिरी दर्शन को चंपावत गए थे। वहां से वह रविवार रात करीब नौ बजे कार से घर लौट रहे थे। कार पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में जतीपुर से होकर गुजर रही थी। बताते हैं कि इस दौरान कार को कोई बस या ट्रक सामने से टक्कर मारकर पीलीभीत की ओर चला गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों की सूचना पर पुलिस ने जाकर कार में फंसे तीनों लोगों को निकाला। इनमें सुमित और आदित्य की मौत हो गई, जबकि सूरज घायल हो गए। उन्हें बीसलपुर रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार थी कार, मौके पर पहुंची भीड़
हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज थी। सामने से आ रहा वाहन भी तेज गति से आ रहा था, इसलिए कार बचाने का मौका नहीं मिला। घटना में शामिल दो लोग नवाबगंज व हाफिजगंज क्षेत्र से संबंधित थे तो वहां से घटनास्थल की दूरी कम होने के कारण मौके पर तमाम लोग पहुंच गए। जहानाबाद थाना पुलिस ने वाहन को रास्ते से हटवाकर रास्ता खाली कराया।
दो अस्पतालों में शोक की लहर
हादसे का शिकार हुए तीनों लोग शहर के एक अस्पताल से जुड़े थे। जबकि पीलीभीत बाईपास के उस अस्पताल के कर्मचारियों को भी सदमा लगा जहां आदित्य महीने भर पहले तक काम करता था। कई लोग सूरज का हाल देखने अस्पताल भी पहुंचे।



