Pilibhit News: दिल्ली में जहरखुरानी का शिकार हुआ व्यापारी, कर्नाटक पहुंचा
50 हजार रुपये जेब से निकालने के बाद बंगलुरु की ट्रेन में बैठा दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। नगर का एक व्यापारी जहरखुरानों के चक्कर में पड़कर कर्नाटक पहुंच गया। इस दौरान उसकी जेब से 50 हजार रुपये भी निकाल लिए गए।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी मोहसिन ने बताया कि उनका भाई नदीम नगर मेंं रेडीमेड कपड़ों का व्यापार करता है। वह व्यापार के सिलसिले में 11 जून को दिल्ली गया था। वह जामा मस्जिद के सामने से होता हुआ ऑटो से बाजार जा रहा था। ऑटो पर बैठे दूसरे युवक ने उसे नशा सुंघा दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। कुछ दूरी पर ले जाकर नदीम को ऑटो से उतार दिया गया।
इसके बाद बदमाश नदीम की जेब से 50 हजार रुपये उड़ा ले गया और उसे बंगलुरू जाने वाली ट्रेन पर बैठा दिया। सोमवार बेंगलुरू पहुंचने पर नदीम को होश आया। उसने मोबाइल फोन से अपने भाई मोहसिन को पूरे मामले की जानकारी दी। नदीम के कहने पर मोहसिन ने उसके बैंक खाते मेंं कुछ रुपये डाले। अब नदीम ट्रेन से वहां दिल्ली रवाना हो गया है।