UP: कॉलेज में प्यार…फिर लव मैरिज, पता चलने पर परिजनों ने छात्रा को मार डाला, गांव से दूर ले जाकर जला दिया शव

फाइल फोटो
विस्तार
बदायूं के दातागंज के कोतवाली इलाके में प्रेम विवाह करने की चर्चा पर छात्रा को उसके पिता ने मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसका शव गांव से दूर पेट्रोल छिड़ककर जला दिया गया। झूठी आने के लिए की गई हत्या की यह घटना दातागंज क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती बरेली के कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। कॉलेज में ही उसका एक युवक से प्रेम-प्रसंग हुआ तो इसकी भनक लगने पर उसके परिजनों ने आपत्ति जताई। छात्रा प्रेमी के साथ ही शादी करने की जिद पर अड़ी रही, लेकिन उसके परिजनों ने साफ इनकार कर दिया।
वह तीन दिन पहले अपने गांव आ गई और परिजनों के साथ रहने लगी। परिजनों को किसी ने बताया कि उनकी बेटी ने प्रेम विवाह कर लिया है। इससे संबंधी कुछ सबूत भी दिखाए। इसके बाद छात्रा के परिजन आपा खो बैठे।
आरोप है कि मंगलवार की शाम करीब छह बजे छात्रा के पिता ने परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर उसका शव अपनी ईको गाड़ी में डाला और गांव से चला गया। गांव से काफी दूर जाकर उसने शव को पेट्रोल डालकर जला दिया। इसके बाद मौके से सबूत हटाते हुए राख को रामगंगा में बहा दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तमाम तरह की चर्चाएं हैं।



