बरेली

Bareilly News: बहेड़ी स्टेशन के गेट पर बिक रहे थे ब्लैक टिकट, तीन गिरफ्तार

Connect News 24

बरेली। आरपीएफ और रेलवे की विशेष जांच शाखा (एसआईबी) ने बहेड़ी स्टेशन के गेट पर इंटरनेट कैफे में रेलवे के आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 18 हजार रुपये से ज्यादा के आरक्षित रेल टिकट और 17 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। कालाबाजारियों के तार अन्य राज्यों तक फैले हैं।

आरपीएफ और एसआईबी इज्जतनगर पोस्ट ने बृहस्पतिवार को बहेड़ी रेलवे स्टेशन के गेट के सामने स्थित एफएस इंटरनेट प्वाइंट पर छापा मारा। कैफे संचालक बहेड़ी के वार्ड नंबर 16 निवासी फरीद समेत सिमरा गांव निवासी जय किशन और सैकी को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास रेलवे आरक्षण काउंटर पर बने 11,500 रुपये के दो तत्काल टिकट व सात हजार रुपये के पांच ई-टिकट मिले।

जांच में पता लगा कि आरोपी आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन) की साइट पर व्यक्तिगत आईडी से टिकट बनाकर ब्लैक करते हैं। टीम ने मौके से दो लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, एक इंटरनेट डिवाइस और 17 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरपीएफ बरेली सिटी ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मुंबई और उत्तराखंड तक फैला है कालाबाजारियों का जाल

कालाबाजारियों का जाल उत्तराखंड और मुंबई तक फैला है। जांच के दौरान उत्तराखंड के किच्छा निवासी मकबूल का नाम भी प्रकाश में आया है। मकबूल मुंबई में रहकर रेल टिकटों की कालाबाजारी करता है। मुंबई में टिकट बुक कराने के बाद वह व्हाट्सएप के जरिये बरेली और उत्तराखंड भेजता है। व्हाट्सएप चैट से एसआईबी को मकबूल के बारे में कई जानकारियां मिली हैं। उसके खिलाफ भी आरपीएफ बरेली सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button