Shahjahanpur News: बुखार-डायरिया से लेकर चर्म रोग से जूझ रहे मरीज

शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे कक्ष के बाहर लगी भीड़।
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी और मौसम जनित बीमारियों से लोग जूझ रहे हैं। बुखार, डायरिया से लेकर चर्म रोग से परेशान मरीजों के राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचने पर व्यवस्थाएं पटरी से उतर गई हैं। मरीजों को बेड तक नसीब नहीं हो पा रहे हैं। दूसरी ओर गर्मी को देखते हुए डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद मेडिकल कॉलेज में बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
अवकाश के बाद सोमवार को खुले मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी में पर्चा बनवाने को लेकर लंबी लाइन रही। इसी तरह डॉक्टरों के चैंबर के बाहर रोगियों की लाइन दोपहर करीब डेढ़ बजे तक रही। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएल अग्रवाल के अनुसार, भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा मरीज डायरिया व बुखार के आ रहे हैं। डायरिया के सौ से ज्यादा मरीज आ रहे हैं। हालांकि, अभी हीटस्ट्रोक का कोई मरीज नहीं आया है।
वहीं त्वचा रोग विभाग में रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. ऊषा चंद्रा ने बताया कि गर्मी के चलते पसीना नहीं सूखने के चलते लोग दाद-खाज-खुजली से परेशान हो रहे हैं। बच्चों से लेकर बड़े तक घमौरी की समस्या से जूझ रहे हैं। नेत्र रोग विभाग में तेज धूप के कारण आंखें लाल होने की समस्या लेकर मरीज आ रहे हैं। धूल के कण पड़ने से मरीजों को दिक्कत आ रही है।
डायरिया के सबसे अधिक मरीज हुए भर्ती, वार्ड फुल
ट्रामा सेंटर में सोमवार को दोपहर तक 80 मरीजों को भर्ती किया गया। इसमें सबसे अधिक डायरिया और बुखार से पीड़ित थे। वार्ड में बेड फुल होने के चलते जैसे-तैसे उनका ट्रामा सेंटर पर उपचार किया। बेड नहीं होने की स्थिति में मरीजों को स्ट्रेचर पर लिटाकर इलाज किया।
डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद वार्ड आरक्षित किए
गर्मी के चलते बलिया व प्रतापगढ़ में हुई मौतों के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए दो बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
पर्याप्त दवाएं होने का दावा
मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बाहरी दवाएं लिखी जा रहीं हैं। फिर भी प्रबंधन दवाएं पर्याप्त होने का दावा कर रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, शासन से तय सभी दवाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं।
-1601 पर्चे ओपीडी में मरीजों ने बनवाए।
-610 महिलाओं ने अपने पर्चे बनवाए।
-150 मरीज रोजाना ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए आते हैं।
-250 लोगों के एक्स-रे सोमवार को किए गए।
-55 मरीजों का अल्ट्रासाउंड भी किया गया।
हीट स्ट्रोक को देखते हुए दो बेड आरक्षित किए गए हैं। मरीजों की संख्या में इजाफा होने पर बेड बढ़ाए जाएंगे।
-डॉ.एमपी गंगवार, प्रभारी प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज

शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे कक्ष के बाहर लगी भीड़।

शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे कक्ष के बाहर लगी भीड़।

