Shahjahanpur News: डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद भी नहीं सुधरे ट्रामा सेंटर के हालात

राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक बेड पर भर्ती दो मरीज। संवाद
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं आई है। मंगलवार को ट्रामा सेंटर में मरीज काफी संख्या में पहुंचे। इसमें सबसे अधिक उल्टी और दस्त के थे। बेड नहीं होने के चलते एक बेड पर दो मरीजों को लिटाकर उपचार किया, साथ ही स्ट्रेचर पर भी मरीज लेटे नजर आए।
भीषण गर्मी को देखते हुए उप-मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के बाद भी व्यवस्था पटरी पर आने के बजाय लड़खड़ा गई। बुखार व उल्टी-दस्त के मरीजों के चलते बेड मिलना मुश्किल हो रहा। मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे तक 90 मरीजों को ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया। भीड़ इतनी अधिक थी कि तीमारदारों तक को डॉक्टरों को बाहर निकालना पड़ गया। रोजा के कहेलिया निवासी हरिओम उल्टी-बुखार होने पर सुबह करीब नौ बजे अपनी मां के साथ ट्रामा सेंटर में आए। बेड नहीं मिलने पर दूसरे मरीज को किनारे कर वहीं पर लेट गए। दोपहर डेढ़ बजे तक वार्ड में बेड नहीं होने के कारण उन्हें शिफ्ट नहीं किया जा सका था।
प्राचार्य ने बुलाई बैठक, व्यवस्था के लिए दिए निर्देश
राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने अपने कार्यालय में अधिकारियों व डॉक्टरों की बैठक ली। उन्होंने ट्रामा सेंटर में मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को पटरी पर रखने के लिए सुझाव मांगे, साथ ही दिशा-निर्देश दिए। प्राचार्य ने बताया कि मरीजों के लोड को देखते हुए उपचार के बाद मरीजों को ट्रामा सेंटर से शिफ्ट करने के लिए कहा है। इस मौके पर सीएमएस डॉ.शैलेंद्र कुमार, डॉ.एमपी गंगवार व अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक बेड पर भर्ती दो मरीज। संवाद

