Bareilly News: मच्छरों का कुनबा व बीमारियां बढ़ाएगी बारिश
बरेली। प्री-मानसून बारिश ने भले ही गर्मी से निजात दिला दी, लेकिन अब मच्छरों का कुनबा भी बढ़ेगा। लिहाजा, मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ गया है। रोकथाम के लिए एक जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा।
एसीएमओ डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव होने से मच्छरों के लार्वा तेजी से पनपते हैं। मच्छर काटने से मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफलाइटिस आदि रोग होने का खतरा होता है। जनवरी से अब तक जिले में मलेरिया के 200 केस मिल चुके हैं। संक्रामक रोगों से बचाव के लिए इलाज से ज्यादा लोगों की सतर्कता जरूरी है।
शेरगढ़ और मीरगंज में बढ़ रहे केस
मलेरिया के अब तक मिल चुके केस में सर्वाधिक मरीज शेरगढ़ और मीरगंज के हैं। पिछले साल भी यह क्षेत्र संवेदनशील था। इस बार अभी से स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग कर रही हैं।
चलेगी लार्वारोधी गतिविधि और होगी फॉगिंग
एसीएमओ के मुताबिक अभियान में फ्रंटलाइन वर्कर जिन संदिग्ध रोगियों की सूची देंगे, उनकी जांच और इलाज कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लार्वारोधी गतिविधि, फॉगिंग होगी। हाई रिस्क क्षेत्र संवेदीकरण गतिविधि होगी। अन्य विभाग भी इसमें सहयोग करेंगे।
अभिभावकों और विद्यार्थियों को करेंगे सजग
दिमागी बुखार, मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जेई/ एईएस, कालाजार, स्क्रबटायफस, लेप्टोस्पाइरोसिस समेत जल जनित रोगों से बचाव, रोकथाम, इलाज के बारे में जानकारी देने के लिए स्कूलों में भी कार्यक्रम होंगे। स्कूलों में पोस्टर, वाद-विवाद, निबंध लेखन व क्विज के जरिये छात्रों को जागरूक किया जाएगा।
बचाव के उपाय
– गमले, पुराने बर्तन, छतों पर रखे टायर आदि में पानी न एकत्र होने दें।
– घर के पास सफाई रखें। झाड़ियां काट दें। गड्ढ़ों में जलभराव न होने दें।
– नाला-नाली में कीटनाशक डालें। मच्छरदानी प्रयोग करें।
– फ्रिज की बैक ट्रे में पानी न जमा होने दें, स्टोर रूम की सफाई करें।



