डेढ़ साल में तैयार हो जाएगा आधुनिक रोडवेज बस अड्डा : औलख
बिलासपुर। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सात करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार होने वाला आधुनिक रोडवेज बस अड्डा डेढ़ साल के भीतर बिलासपुर के लोगों के हवाले कर दिया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कई अन्य घोषणाएं भी की। राज्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को नगर में रामपुर रोड किनारे रोडवेज की प्रस्तावित भूमि बस अड्डे का शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि रोडवेज बस अड्डे के लिए पांच करोड़ रुपये मंजूर हुए थे। उन्होंने निजी स्तर पर बस अड्डे का नक्शा तैयार करवाया है। नक्शे में परिवर्तन की वजह लागत बढ़ गई है, इसके चलते दो करोड़ रुपए और स्वीकृत कराएंगे। सात करोड़ की लागत से बनने वाला यह बस अड्डा डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह बस अड्डा उत्तराखंड बॉर्डर पर होने की वजह से दिल्ली तक के सभी बस अड्डों में अलग ही दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष से वार्ता हो गई है। एक माह के अंदर नवीन मंडी स्थित हाईवे बाइपास के जीरो प्वाइंट से लेकर नया गांव स्थित जीरो प्वाइंट तक करीब साढ़े छह किलोमीटर लंबे हाईवे के बीच डिवाइटर बनवाया जाएगा। डिवाइडर के दोनों तरफ लाइटें लगेंगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि नैनीताल हाईवे किनारे करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से झील भी बनेगी, जिसकी फाइल वित्त विभाग में लंबित है। नैनीताल हाईवे से एक फ्लाईओवर पार्क के ऊपर से होकर झील तक बनवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्राम गगनपुर, निपनिया समेत पांच गांवों में नए बिजलीघर भी बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के लोगों के लिए भले ही राज्यमंत्री हैं, मगर रामपुर वालों के लिए मात्र एक चौकीदार हैं। उन्होंने ग्राम पिपलिया महतो के समीप नदी पर शीघ्र ही पुल बनवाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब उनका नया प्रोजेक्ट नगर की पुरानी गल्ला मंडी का जर्जर टीन शेड है, वहां करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक हाल बनाया जाएगा।
यूपीपीसीएल (यूपी प्रोजेक्टर कॉरपोरेशन लिमिटेड) के प्रोजेक्ट मैनेजर दीपक शर्मा ने कहा कि डेढ़ साल में तैयार होने वाला रोडवेज बस अड्डा करीब एक साल में ही तैयार करके राज्यमंत्री को सौंप देंगे। इससे पहले राज्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ भूमि पूजन कर रोडवेज बस अड्डे का शिलान्यास किया। अंत में खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगरध्यक्ष चेतन परुथी ने किया। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मोहनलाल लोधी, पालिकाध्यक्ष चित्रक मित्तल, ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, सीओ रवि खोखर, खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार, सलीम हुसैन, कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह, भूमि विकास बैंक चेयरमैन सुरेंद्र कुमार कुक्कू, नंदकिशोर गंगवार, रविंद्र कुमार यादव रवि, जोगपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
पार्क की चोरी हुई लाइटें अब पुलिस लगवाएगी
राज्यमंत्री ने कहा कि आंबेडकर पार्क में उन्होंने सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए, मगर पार्क से महंगी विक्टोरिया लाइटें खंभों समेत चोरी हो गईं। एक माह बाद भी पुलिस लाइट चुराने वालों को पकड़ नहीं सकी है। उन्होंने कोतवाल से कहा कि अगर चोर पकड़कर लाइटें बरामद नहीं कर सकते हो तो तुम्हें ही लाइटें लगवानी पड़ेंगी।