Pilibhit News: 1.10 करोड़ से बनेगा कलीनगर-शाहगढ़ रोड, बजट जारी

फोटो 1 माधोटांडा कलीनगर रोड। संवाद
पीलीभीत। पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग से कलीनगर होते हुए शाहगढ़ तक जाने वाले मार्ग के गड्ढों से अब लोगों को जल्द निजात मिल जाएगी। लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव मंजूर कर शासन ने इसके लिए 1.10 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। पीडब्ल्यूडी ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर है। इस रोड के बनने से करीब 20 गांवों को राहत मिलेगी।
पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग से कलीनगर होते हुए शाहगढ़ तक जाने वाले करीब 16 किलोमीटर लंबे मार्ग की हालत कई साल से दयनीय है। हालात ये हैं कि मार्ग पर सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे हैं। सड़क तो बची ही नहीं है। क्षेत्र के लोग सड़क निर्माण की लगातार मांग कर रहे थे। समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने इसके निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा।
शासन ने करीब छह महीने बाद प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए सड़क निमार्ण के लिए 1.10 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। लोकनिर्माण विभाग ने सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
20 गावों को तहसील मुख्यालय से जोड़ती है सड़क
कलीनगर तहसील से जुड़े करीब 20 गांव के लोगों का इसी मार्ग से तहसील मुख्यालय आना-जाना होता है। सड़क के खस्ताहाल होने से लोगों को आवागमन में बेहद असुविधा हो रही थी। 35 से 40 मिनट में तय होने वाली 16 किलोमीटर की दूरी डेढ़ से दो घंटे में तह हो रही थी। सड़क निर्माण के लिए बजट जारी होने से क्षेत्र के लोग खुश हैं।
..
वर्जन
कलीनगर-शाहगढ़ रोड के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। यह मंजूर हो गया है। बजट भी मिल गया है। निर्माण के लिए टेंडर निकाले गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। – उदय नारायण, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।