Pilibhit News: गर्भवती रखें अपना ख्याल, उनके लिए मुफीद नहीं यह मौसम
पीलीभीत। बढ़ता तापमान और गर्मी न सिर्फ लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है, बल्कि गर्भवती महिलाओं के लिए भी यह खतरनाक साबित हो सकती है। चिकित्सकों की ओर से गर्भवती महिलाओं को विशेष सजगता बरतने की सलाह दी जा रही है। इससे महिलाओं और गर्भ में पल रहे शिशु को दुष्प्रभाव से बचाया जा सकता है।
डायरिया और लू को लेकर वैसे भी स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अलर्ट जारी कर चुके हैं। अस्पतालों में इससे बचाव की भरपूर तैयारी का दावा किया जा रहा है। इस मौसम में गर्भवती महिलाओं का विशेष ख्याल रखना होगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को पहुंचने वाली कुल 192 महिलाओं को उनकी जांच कर दवाएं दी गईं।
गर्भवती महिलाओं को डायरिया और लू से बचने के उपायों की जानकारी स्त्री और प्रसूति रोग विशेषज्ञ केके भट्ट ने दी। उन्होंने महिलाओं को बताया कि बढ़ते तापमान में सजग रहना होगा, अन्यथा इसके दुष्परिणाम भी दिख सकते हैं। इसका असर सीधे तौर पर गर्भ में पल रहे शिशु और गर्भवती पर पड़ेगा। ऐसे में कोशिश यह करें कि डायरिया और लू की चपेट में न आ पाएं।
00
सावधानी हटने पर ये हो सकते हैं नुकसान
– बच्चे का विकास रुक जाना।
– रक्ताल्पता, कमजोरी आना।
– समय पूर्व बच्चे का जन्म।
– गर्भ में संक्रमण की समस्या।
00
ये करें उपाय, रहेंगी सुरक्षित
– धूप में बिल्कुल न निकलें।
– तरल पदार्थों का सेवन करें।
– ऐसे काम न करें जिनमें पसीना निकले।
– आसपास के वातावरण को ठंडा रखें।
– फास्ट फूड व वासी भोजन से परहेज करें।
00
वर्जन
गर्भवती महिलाओं और उनके गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर रहने के निर्देश अधिकारियों की ओर से दिए गए हैं। गर्भवती महिलाएं गर्मी की वजह से डायरिया और लू का शिकार न हों इसके लिए चिकित्सक उन्हें सजग कर रहे हैं।
– डॉ राजेश कुमार, कार्यवाहक सीएमएस महिला अस्पताल