बरेली में दर्दनाक हादसा: बरात में बैंड से टकराई हाईटेंशन लाइन, करंट लगने से दो किशोरों की मौत, चार झुलसे

मृतक सचिन के रोते बिलखते परिजन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के धमीपुर गांव में बृहस्पतिवार रात बरात चढ़त के दौरान हादसा हो गया। सामने से आई कार को रास्ता देते वक्त बैंड का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। लाइट उठाकर ले जा रहे दो किशोरों की करंट लगने से मौत हो गई। तीन अन्य किशोर व बग्घी चालक गंभीर रूप से झुलस गए। बरेली के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
धमीपुर निवासी रामपाल की बेटी की बरात इज्जतनगर थाने के मोरनिया गांव से आई थी। बरात के लिए हाफिजगंज के ही राजघाट से शहनाज बैंड को बुक किया गया था। रात 11 बजे बैंड की धुन पर थिरकते बराती दुल्हन के घर की ओर जा रहे थे।
ये भी पढ़ें- कृष्ण भक्त शहनाज की कहानी: पूजा करने पर शौहर ने दिया तलाक, पवन ने थामा हाथ; हिंदू रीति-रिवाज से लिए फेरे
इसी दौरान पुलिया के संकरे रास्ते पर सामने से कार आ गई। कार को रास्ता देने के लिए बैंड को किनारे किया तो उसका ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे बैंड के साथ ही उस तार में भी तेज करंट उतर आया, जिसके सहारे लड़के लाइटें लेकर चल रहे थे।



