Shahjahanpur News: पिता-पुत्र और मौसेरे भाई की एक साथ उठीं अर्थियां तो भर आईं आंखें
खुटार। सोमवार को बंडा क्षेत्र में कार की टक्कर से खुटार के गांव मलिका निवासी शिवमंगल सिंह, उनके पुत्र अनुज सिंह और मौसेर भाई अयोध्या सिंह की अर्थियां उठीं तो गांव के तमाम लोगों की आंखों से आंसू बह निकले। पिता और भाई को एक ही चिता पर मुखाग्नि देते समय महावीर सिंह बिलख उठे तो मौके पर मौजूद तमाम लोगों की आंख भर आईं।
शिवमंगल सिंह अपने पुत्र अनुज और मौसेरे भाई अयोध्या सिंह के साथ सोमवार की सुबह बंडा के गांव चिकटिया में रिश्तेदार के घर लड़की की शादी में निमंत्रण पर जा रहे थे। बंडा क्षेत्र में कार की टक्कर बाइक में लगने से शिवमंगल सिंह और अनुज की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अयोध्या सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम को भेजे थे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचे थे।
मंगलवार सुबह शिवमंगल सिंह और उनके पुत्र का गांव के पास उनके खेत पर एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। अयोध्या प्रसाद के शव को उनके खेत पर ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। तीनों परिवारों के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। विधायक चेतराम, पूर्व सांसद कृष्णाराज, ब्लाॅक प्रमुख नमित दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यभान सिंह भदौरिया, लक्ष्मण गुप्ता सहित कई नेताओं ने दोनों परिवारों के लोगों का सांत्वना दी है।