Pilibhit News: पुरैना घाट पर पुल बनवाने की मांग को लेकर विधायक आवास पर धरना जारी
बीसलपुर। देवहा नदी के पुरैना घाट पर पुल निर्माण की मांग को लेकर करीब एक दर्जन गांवों के लोग विधायक आवास के सामने मंगलवार को दूसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे। मंगलवार को फिर विधायक की ग्रामीणों से वार्ता हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। ग्रामीण पुल निर्माण की गारंटी मिलने पर ही धरना खत्म करने पर अड़े हैं।
पुरैना सहित आसपास के लगभग एक दर्जन गावों के सैकड़ों ग्रामीण देवहा नदी के पुरैना घाट पर पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार से विधायक विवेक वर्मा के आवास के सामने बेमियादी धरने पर बैठे हैं। मंगलवार को दूसरे दिन विधायक की एसडीएम संदीप यादव की मौजूदगी में ग्रामीणों से वार्ता हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। विधायक ने ग्रामीणों से कहा कि वे पुल के बजाय कोई और विकास कार्य कराना चाहते हैं तो उसे करा दिया जाएगा, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए।
उन्होंने कहा कि जब तक विधायक की ओर से उन्हें पुल निर्माण कराने की गारंटी नहीं मिल जाती, वे धरना खत्म नहीं करेंगे। इस पर विधायक ने कहा कि चार किलोमीटर की परिधि में दूसरा पुल बनना संभव नहीं है, फिर भी वह पुरैना घाट पर पुल बनवाने की सिफारिश शासन से करेंगे। ग्रामीणों का कहना था कि पुरैना घाट पर हरहाल मेें पुल बनवाया जाए।
इधर, एसडीएम ने ग्रामीणों से कहा कि वे धरना स्थल के पास सड़क पर आवागमन बाधित न करें। विधायक से निरंतर संपर्क बनाए रहें। हो सकता है उनकी मांग का कोई हल निकल आए। एसडीएम ने इंस्पेक्टर अशोक पाल को धरना स्थल पर पुलिस तैनात करने के निर्देश दिए। धरने का नेतृत्व कर रहे ओमपाल गंगवार ने बताया कि जब तक पुरैना घाट पर पुल निर्माण का लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक धरना खत्म नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो अनशन भी शुरू कर दिया जाएगा।
धरना स्थल पर ही बन रहा है खाना
ग्रामीणों ने धरना स्थल पर ही भोजन बनाने का बंदोबस्त कर लिया है। धूप से बचने के लिए शामियाना भी लगा लिया है। धरने पर कई महिलाएं और बच्चे भी बैठे हैं। ग्रामीण धरने के दौरान विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी करते रहे।