Budaun News: पिता कर रहे थे खेत पर जाने का इंतजार, छात्र ने कर ली आत्महत्या
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव कटिन्ना में किसी बात से आहत होकर उठाया आत्मघाती कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र में पिता घर के बाहर बैठकर बेटे को खेत पर ले जाने का इंतजार कर रहा था लेकिन अंदर उसके बेटे ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह घर से बाहर नहीं आया तो पिता घर के अंदर उसे देखने पहुंचा। जहां उसको फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। परिजनों ने उसको फंदे से उतारा और निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव कटिन्ना निवासी एक ग्रामीण का 16 वर्षीय पुत्र ने इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। वह बीटेक की तैयारी कर रहा था। ग्रामीण के परिवार में सबकुछ अच्छा चल रहा था। मंगलवार को वह खेत पर धान की पौध लगाने जा रहे थे। उन्होंने अपने बेटे से कहा कि वह उसके साथ खेत पर चले।
बेटे ने कहा कि वह कुछ ही देर में आ रहा है। यह बात सुनकर घर के बाहर ग्रामीण पड़ोसियों से बात करने लगा। काफी देर तक बेटा बाहर नहीं आया तो ग्रामीण ने घर के दरवाजे पर जाकर उसको आवाज लगाई। अंदर से कोई आवाज न आने पर वह घर के अंदर पहुंचे तो कमरे में फंदे से बेटे का शव लटक रहा था। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
चीख-पुकार पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उसको फंदे से उताकर निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने शव की अंत्येष्टि कर दी। इस संबंध में एसएचओ बिल्सी एके सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को नहीं है।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं, परिजन लगा रहे कयास
छात्र के फंदे से लटककर आत्महत्या के मामले में परिजन कोई भी वजह नहीं बता पा रहे हैं। परिजन फोन पर किसी से बात होने से नाराज होकर आत्महत्या करने का कयास लगा रहे हैं। गांव में भी चर्चा है कि किसी से फोन पर उसकी बहस हुई थी। इसके बाद ही उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को भी नहीं दी है।