Bareilly News: बिलपुर क्रॉसिंग पर स्लीपर बदलने का शुरू हुआ काम
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Wed, 28 Jun 2023 01:34 AM IST
बरेली। उत्तर रेलवे मुरादाबाद रेल मंडल की बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग (344 ए) पर स्लीपर बदलने का काम मंगलवार से शुरू हो गया। यहां अप और डाउन दोनों लाइनों के स्लीपर बदले जाएंगें। रूट डायवर्ट होने की वजह से वाहनों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी।
पहले यहां 25 जून से काम शुरू होना था। रेलवे ने क्रॉसिंग बंद करने के लिए पूर्व सूचना भी दी थी। मगर, बारिश की वजह से काम शुरू नहीं हो पाया। मंगलवार को सुबह 10 बजे से यहां स्लीपर बदलने का काम शुरू हुआ। काम के दौरान यहां से गुजरने वाले ट्रेनों को कॉशन देकर धीमी रफ्तार ये गुजारा गया।
वहीं, क्रॉसिंग बंद होने से वाहन चालकों को लंबी दूरी तय करनी पड़ी। शाहजहांपुर की ओर से बदायूं जाने वाले वाहन मीरानपुर कटरा से जैतीपुर, नवादा मोड़, दातागंज होते हुए निकाले गए। बदायूं से शाहजहांपुर जाने वाले वाहन भी इसी रूट से गुजरे। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का यातायात टिसुआ, फरीदपुर होते हुए बदायूं की ओर डायवर्ट किया गया। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि पहले एक जुलाई से आवागमन शुरू करने का लक्ष्य था। देरी से काम शुरू होने की वजह से अब स्लीपर पूरी तरह से बदले जाने के बाद भी यहां से वाहनों का आवागमन शुरू होगा।



