Pilibhit News: कार पलटने से विवाहिता की मौत, तीन लोग घायल
शाहजहांपुर रोड खनंका गांव के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। शाहजहांपुर रोड पर गांव खनंका के पास रविवार देररात कार पलटने से विवाहिता की मौत हो गई। जबकि परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के गांव पिपरिया उदयभान सिंह निवासी राजपाल ने बताया कि वह रविवार की रात लगभग 11:30 बजे कार से पूर्णागिरि मेले से बीसलपुर होते हुए अपने गांव जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी भगवान देवी (50) और दो पुत्रियां आकांक्षा और मीनाक्षी भी बैठीं थीं। रास्ते में गांव खनंका के पास संतुलन बिगड़ जाने से कार सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में पलट गई। इसमें कार सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। यहां डॉक्टरों ने भगवान देई को मृत घोषित कर दिया। इस बीच सूचना मिलने पर अन्य परिजन भी आ गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ लेखराज गंगवार ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया। राजपाल घायल दोनों पुत्रियों व पत्नी के शव को रात में ही शाहजहांपुर ले गए।

