Pilibhit News: हल्के में न लें बदलते मौसम में बुखार को, निकल रहा कोरोना
कोरोना मामलों में अचानक तेजी से अफसर गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जनपद में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सामान्य सर्दी, बुखार समझकर लापरवाही कर रहे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बदलाव से संक्रमण तेजी के साथ बढ़ रहा है जो कोरोना संक्रमण के रूप में भी सामने आ रहा है। ऐसे में आमजन को गंभीर होने की जरूरत है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान मौसम में कई बार बदलाव आया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों में सर्दी, बुखार के लक्षण भी देखे गए। अधिकांश लोगों ने समझा कि यह मौसमी सर्दी, बुखार है लेकिन जांच करवाने पर कई लोग कोरोना पॉजिटिव निकले।
रविवार को ही विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 26 नए कोरोना मामलों की जानकारी दी गई थी। इसमें से अमरिया में सात, बीसलपुर में छह, पूरनपुर में चार, ललौरीखेड़ा में चार और मरौरी में तीन लोग कोरोना संक्रमित निकले थे। जिससे जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 180 हो गई। 000
एन्फ्लूएंजा भी पसार रहा पांव
कोरोना के साथ एन्फ्लूएंजा के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ.रमाकांत सागर ने बताया कि यह कोरोना की तरह ही तेजी से फैलता है। मौसम में बदलाव के साथ ही सक्रिय होता है। ऐसे में जरूरी है लोग मास्क लगाएं और दो गज की दूरी जैसे नियमों का पालन करें।
000
अस्पतालों में लग रही लाइन
जनपद में पिछले एक सप्ताह से जिला अस्पताल के अलावा शहर के अस्पतालों में मरीजों की लाइन लगी हुई है। सर्दी, बुखार के मरीजों में तेजी से इजाफा हुआ है। मौसम में भी तेजी से बदलाव हुआ है। दिन में तेज गर्मी और रात में ठंड के साथ बीच-बीच में बारिश हो रही है। इसके कारण भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
000
आमजन को शरीर का ध्यान रखने की जरूरत है। मौसम में बदलाव से संक्रमण बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गंभीरता बरती जा रही है। – डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ पीलीभीत

