अब कई लोग लालच और स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहे : वरुण गांधी

मरौरी ब्लाक के गांव करौड़ में जन सभा को संबोधित करते सांसद। संवाद
पीलीभीत। सांसद वरुण गांधी ने कहा कि एक दौर था जब राजनीति में वहीं लोग आते थे, जो देश के लिए सब कुछ खोने को तैयार रहते थे, लेकिन अब राजनीति में ऐसे लोग भी शामिल हो गए हैं जो लालच और स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहे हैं। सांसद बुधवार को मरौरी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम करोड़, बस्थना, बिठोरा कला, दियूरी, बसन्तपुर, महोफ, संडिया आदि में जनसंवाद कर रहे थे।
सांसद ने कहा कि वह आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा समूह की महिलाओं, शिक्षामित्रों, संविदा कर्मचारियों को धन्यवाद देते हैं जो बिना न्याय मिले आज भी कंधे से कंधा मिलाकर देश को मजबूत कर रहे हैं। हम अपने देश की मातृशक्ति के योगदान को कम नहीं बता सकते। आज भी 70 फीसदी महिलाएं खेतीबाड़ी का काम करती हैं, लेकिन उनका नाम किसान के रूप में कोई नहीं लेता हैं। शिक्षक भी 70 फीसदी महिलाएं हैं। महिलाएं काम ज्यादा करती हैं, लेकिन बताती कम हैं।
वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत रिछोला चौकी के पास दो सड़कों का शिलान्यास किया। जनसंवाद कार्यक्रमों में प्रमुख रूप से रामनरेश वर्मा, बबलू वर्मा, जगदीश लोधी, बालक राम वर्मा, सत्येंद्र वर्मा, अमित गंगवार, नन्हे लाल कश्यप, सुरेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
जिसकी अपनी इज्जत न हो वह दूसरों का क्या मान रखेंगे
सांसद वरुण गांधी ने कहा- याद रखना मेरे अपनो जिसकी अपनी इज्जत होती है वही दूसरों की इज्जत का ध्यान रखता है। जिनको यह नहीं पता कि इज्जत का महत्व क्या होता है, उस अस्तित्व के इंसान की गंभीरता क्या है। ऐसे लोग न तो अपनी रक्षा कर सकते न ही आपकी कर सकते हैं।
–



