Budaun News: ग्रामीण युवाओं में बढ़ाई जा रही खेलों के प्रति रुचि
बदायूं। युवा कल्याण विभाग देहात क्षेत्र के युवाओं को खेल जगत में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसके लिए जिले में 946 युवक और 914 महिला का मंगल दल का गठन किया गया है। इनके जरिये गांवों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर विभाग की ओर से गांवों में युवाओं को खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। जिले में 1037 ग्राम पंचायतें है। ऐसे में विभाग को सभी ग्राम पंचायतों में युवक, महिला मंगल दल का गठन करना है। हालांकि 91 ग्राम पंचायतों में युवक व 123 ग्राम पंचायताें महिला मंगल दल का गठन होना बाकी है, लेकिन अभी तक 946 गांवों में युवक और 914 गांवों में महिला मंगल दल का गठन किया जा चुका है।
जिन ग्राम पंचायतों में मंगल दल का गठन हो चुका है, वहां पर मंगल दल की ओर से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने का काम किया जा रहा है। रोजाना सुबह-शाम जब भी मौका मिलता है, तब युवाओं को वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, फुटबॉल खेलना सिखाया जाता है। इससे उनकी खेतों में रुचि बढ़े और जिला, मंडल और प्रदेश में अपना व अपने गांव का नाम रोशन करें।
शासन देता है किट
शासन की ओर से हर वर्ष मंगल दल के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, नेट, रस्ती आदि सामान की किट प्रदान की जाती है। इस किट में उपलब्ध सामान युवाओं खेलने के लिए दिया जाता है। खेलने के बाद यह सामान मंगल दल को वापस जमा कराना होता है।
सभी की पूरी कोशिश रहती है युवाओं का सामाजिक कार्याें से जोड़ा जाए। साथ ही उन्होंने खेलों के प्रति रुचि पैदा की जाए। इससे वह इस दिशा में आगे बढ़ें और गांव, जिले का नाम रोशन कर सकें। -हरि प्रेम, जिला युवा कल्याण अधिकारी


