Shahjahanpur News: भाई के सिर पर मारा था फावड़ा, चार दिन बाद भी नहीं आया होश
पिता ने दर्ज कराई आरोपी पुत्र पर रिपोर्ट
पुवायां। भाई के फावड़ा से प्रहार करने से गंभीर घायल गांव लखनापुर के वेदप्रकाश को चार दिन बाद भी होश नहीं आया है। वेदप्रकाश के पिता जंग बहादुर ने आरोपी पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जंगबहादुर ने पुलिस को बताया कि 26 जून की रात उनका बड़ा पुत्र राजेश कुमार शराब के नशे में छोटे पुत्र वेदप्रकाश के घर के सामने गालीगलौज कर रहा था। वेदप्रकाश ने विरोध किया तो राजेश झगड़ा करने लगा। राजेश पड़ोस में नन्हेलाल के निर्माणाधीन घर से फावड़ा उठा लाया और वेदप्रकाश के सिर पर प्रहार कर दिया।
वेदप्रकाश बेहोश होकर मौके पर गिर पड़ा। वह वेदप्रकाश को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए जहां से बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती वेदप्रकाश को अभी तक होश नहीं आया है। पुलिस ने राजेश के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

