Budaun News: बिजली कटौती पर आप ने निकाला लालटेन जुलूस

बिजली कटौती को लेकर आम आदमी पार्टी ने निकाला लालटेन जुलूस। संवाद
बदायूं। प्रदेश व्यापी आह्वान पर रविवार की शाम बिजली कटौती के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लालटेन जुलूस निकाला। जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क से गद्दी चौक तक प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। गर्मी की वजह से अस्पतालों में लोग भर्ती हो रहे हैं और मौतें हो रही हैं। अकेले पूर्वांचल में सैकड़ों लोगों की मौतें हो चुकी हैं। उन्होंने सरकार से मांग की प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति कराई जाए। गर्मी के कारण में जो मौतें हुई है उन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए और ऊर्जा निगम में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरा जाए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार बिना कटौती 24 घंटे बिजली दिल्ली की जनता को उपलब्ध करा रही है। उत्तर प्रदेश की जनता भी प्रदेश सरकार से जानना चाहती है कि जब दिल्ली की जनता को मुफ्त और बिना कटौती 24 घंटे बिजली उपलब्ध हो सकती है तो उत्तर प्रदेश की जनता को देश में सबसे महंगी और बिना कटौती 24 घंटे बिजली क्यों नहीं उपलब्ध हो पा रही है।
इस दौरान संगीता पटेल, दिनेश सिंह राठौर, राकेश सोलंकी, मनोज शिकरवार, अभिषेक, रीतेश गुप्ता, अशोक कुमार साहू, अरविंद कुमार यादव आदि मौजूद रहे।