शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: भोले के भक्तों के आने-जाने का रास्ता तय, हाईवे पर भी रहेगी चौकसी

Connect News 24

The route for the movement of the devotees of Bhole is fixed, there will be vigilance on the highway as well

जेल रोड पर कांवड़ यात्रा रूट का निरिक्षण करते सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम प्रशाशन व पुलिस अधिकारी।सं

शाहजहांपुर। सावन में कांवड़ लेकर निकालने वाले भोले भंडारी के भक्तों के आने-जाने का रास्ता पुलिस-प्रशासन ने तय कर दिया है। वाहन और पैदल आने वाले भोले के भक्तों के रास्ते अलग-अलग होंगे। शहर के अंदर से गुजरने से लेकर हाईवे तक विशेष चौकसी बरती जाएगी। हर शुक्रवार रात दस बजे से मंगलवार दोपहर 12 बजे तक रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई।

कांवड़ यात्री फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट से जल लेकर अल्हागंज, जलालाबाद से कांट होते हुए बरेली माेड़ से हरदोई चौराहा से तम्मी खां भट्ठा नया बाईपास से होते हुए गोला गोकर्णनाथ में जलाभिषेक करने जाते हैं। 15-16 जुलाई को मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इस दिन भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए रूट डायवर्ट किया गया है।

इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन से आने-जाने वाले कांवड़िये

वाहन से आने और जाने वाले कांवड़िये बरेली मोड़ से हरदोई चौराहा, तम्मी खां भट्ठा, नया बाइपास, अटसलिया मोड़, हथौड़ा चौराहा होते हुए गोला के लिए प्रस्थान करेंगे। इसी तरह रामचंद्र मिशन आने व जाने वाले कांवड़ियों को हरदोई चौराहे से सरायकाइयां होते हुए हथौड़ा की ओर भेजा जाएगा।

पैदल कांवड़ियों का यह रहेगा रूट

वाहनों के कांवड़ियों को शहर से बाहर से निकालने के साथ पैदल आने वालों का रास्ता भी तय कर दिया। ये बरेली मोड़ से राजघाट, बेरी तिराहा, अंटा चौराहा, सुदामा चौराहा, जीआईसी तिराहे से हथौड़ा चौराहे की ओर से गोला जाएंगे। थाना कोतवाली की ओर से आने वाले कांवडि़ये बाबा वनखंडी नाथ मंदिर एवं फूलमती मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। बरेली मोड़ से पैदल मंदिर तक आएंगे। इसी तरह सदर बाजार में बाबा विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले कांवड़ियों को राजघाट, केरूगंज, अंटा चौराहा, सुदामा चौराहा से सदर बाजार चौराहा होते हुए मंदिर तक आने का रास्ता तय किया गया। बरेली मोड़ से घटिया घाट आने व जाने वाले कांवड़िए बरेली मोड़ से कांट, जलालाबाद याकूबपुर तिराहा से अल्हागंज तिराहा से हुल्लापुर चौराहा से डबरी मोड़ चेक पोस्ट तिराहा थाना राजेपुर जनपद फर्रुखाबाद के लिए जाएंगे। इसी तरह बरेली मोड़ से ढाईघाट के लिये पैदल मार्ग से कांट, जलालाबाद याकूबपुर तिराहा से कोला तिराहा, जरियन तिराहा, जरियन नकाशा, ढाई गांव तिराहा, सकरा पुल ढाई से होते हुए ढाई घाट के लिए कूच करेंगे।

सावन पर भारी वाहनों का रहेगा रूट डायवर्ट

सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि सावन के सोमवार को देखते हुए शुक्रवार रात दस बजे से सोमवार की रात दस बजे से तक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा। सावन के अंतिम सोमवार को देखते हुए 12 अगस्त की रात आठ से 15 अगस्त की रात दस बजे तक रूट को डायवर्ट किया जाएगा। अजीजगंज बरेली मोड़ चौक कोतवाली से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को तिलहर से कटरा भेजा जाएगा। बरेली मोड़ से कांट की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। जरूरत पड़ने पर भारी वाहनों को चिन्हित कर पार्किंग कराई जाएगी। कटरा चौराहे से जलालाबाद की ओर भारी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। निगोही में पीलीभीत की ओर आने वाले वाहन हमजापुर चौराहे से पुवायां की ओर गुजारे जाएंगे। अल्हागंज में हुल्लागंज चौराहा से हरदोई की थाना पाली की पुलिस चौकी रुपापुर की ओर वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके लिए अल्हागंज व पाली थाना प्रभारी समन्वय होंगे। मिर्जापुर में ढाई गांव चौराहा से ढाईघाट की तरफ भारी वाहनों के प्रवेश बंद रहेगा। कांट में मदनापुर से आने व जाने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

सोमवार को इन रास्तों पर चलेंगी रोडवेज बसें व छोटे वाहन

सावन माह में हर रविवार को शाम छह से सोमवार रात दस बजे तक व शिवरात्रि को रात दस बजे तक रोडवेज बसों व छोटे वाहनों के लिए रूट डायवर्ट कर दिया गया। फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर आने वाले बसें याकूबपुर तिराहे से मदनापुर, कटरा, तिलहर होते हुए शहर आएंगी। हथौड़ा चौराहे से पुत्तूलाल चौराहा के मध्य रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। हथौड़ा चौराहे से अटसलिया से वाहनों को निकाला जाएगा। बरेली मोड़ से कांट होकर जलालाबाद जाने वाली रोडवेज बसें प्रत्येक रविवार सुबह छह से मंगलवार शाम छह बजे तक तिलहर-कटरा होकर अल्हागंज होकर गुजारी जाएंगी। रोडवेज बस स्टैंड से सीतापुर, लखनऊ जाने वाली बसें हथौड़ा चौराहे से अटसलिया होकर निकाली जाएंगी। बरेली मोड़ से रात में शहर की ओर आने वाली रोडवेज की बसें शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। इन्हें जमुका तिराहा से निकाला जाएगा। नगर निगम की ई-बसें केरूगंज से सुदामा प्रसाद चलती हैं। ये बसें कवि तिराहे, लाल इमली, घंटाघर होकर चलेगी।

सावन को देखते हुए यातायात प्लान तैयार कर लिया। निगम की बसें रोडवेज बस स्टैंड से चलेगी, जबकि सीतापुर, लखनऊ, हरदाेई, बरेली व दिल्ली को जाने वाली बसें हरदोई चौराहे से चलाई जाएंगी।

– जगदीश लाल टम्टा, सीओ यातायात

अधिकारियों ने कांवड़ रूट की व्यवस्थाएं

देखीं, सड़कों के गड्ढे भरने को कहा

– कांवड़ रूट में मिले खुले विद्युत ट्रांसफार्मर को ढकने के दिए निर्देश

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। शहर में कांवड़ रूट की पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने व्यवस्थाएं देखीं। सड़क के गड्ढे ठीक करने के निर्देश दिए गए।

एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में बुधवार शाम को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने खिरनीबाग से लेकर केरूगंज, पक्का पुल, चारखंभा, राजघाट चौकी से लेकर बरेली मोड़ तक रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां-जहां पर सड़क खराब थी, उसको ठीक करने के नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही कांवड़ रूट में मिले खुले विद्युत ट्रांसफार्मर को ढकने के निर्देश दिए गए।

सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि जल्द से जल्द हटा लें नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसपी सिटी सुधीर जयसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, सीओ सिटी बीएस रावत, सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती समेत विद्युत विभाग, जल निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button