Shahjahanpur News: डॉक्टर को फोन कर बोला, तुम्हें मारने के लिए मिली है 80 लाख की सुपारी
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र की ब्रजबिहार कॉलोनी निवासी डॉ. सोमशेखर दीक्षित को जान से मारने के लिए 80 लाख रुपये की सुपारी मिलने की बात एक व्यक्ति ने फोन पर बताई है। सुपर किलर ने अपने साथी को डॉक्टर के पास भेजकर फोन पर बात की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रतिष्ठित डॉ. सोमशेखर भाजपा से भी जुड़े हैं। तीन जुलाई को वह अपने अस्पताल में प्रैक्टिस कर रहे थे। डॉ. दीक्षित ने चौक कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दोपहर लगभग तीन बजे 18 साल का युवक उनके पास आया और अपने मोबाइल से किसी राजन शर्मा से बात कराई। राजन शर्मा ने डॉक्टर को बताया कि उन्हें मारने के लिए उसे 80 लाख रुपये की सुपारी मिली है। उसे एडवांस भी मिल चुका है। चूंकि डॉक्टर ने एक बार बीमारी से उसकी जान बचाई थी, इसलिए वह उन्हें मारना नहीं चाहता है।
फोन करने वाले ने कहा कि सुपारी देने वालों का दबाव बढ़ने के कारण वह उन्हें उसका नाम बताना चाहता है। उसने डॉक्टर को सुपारी देने वाले का नाम बताने के लिए शहर से बाहर लखनऊ या फिर दिल्ली बुलाया है। साथ ही चेताया कि वह पुलिस से शिकायत न करें। फोन लेकर आया युवक उनका नंबर भी ले गया। कहा कि उसे वाट्सएप पर मेसेज करेगा। डॉ. सोमशेखर दीक्षित ने अपनी सुरक्षा की मांग करने के साथ थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने राजन शर्मा व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच पुलिस कर रही है। डॉक्टर की सुरक्षा का इंतजाम भी कराया जाएगा।- सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी

