Pilibhit News: ड्रिप लगाने के लिए युवती को सभागार में ले गए कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Mon, 10 Jul 2023 12:38 AM IST
बीसलपुर। युवती को ड्रिप लगाने के लिए दो संविदा स्वास्थ्य कर्मी उसे स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में ले गए। अधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों की फटकार लगाई गई। उन्हें दोबारा ऐसी हरकत करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
रविवार को एक युवती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कमजोरी होना बताकर ग्लूकोज की ड्रिप चढ़वाने आई थी। ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य विभाग के दो संविदा कर्मचारी ड्रिप चढ़ाने के लिए युवती को निर्धारित कक्ष में न ले जाकर दो मंजिला पर बने सभागार में ले गए। कर्मचारियों ने वहां चारपाई डलवाई और उस पर युवती को लिटाकर ड्रिप लगा दी। इसी बीच स्वास्थ्य केंद्र के कुछ स्थायी कर्मचारियों को इसकी जानकारी हुई। उन्होंने संविदा कर्मचारियों से युवती को सभागार में लाने का कारण पूछा तो कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
स्वास्थ्य केंंद्र प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. लेखराज गंगवार भी पहुंच गए। उन्होंने दोनों कर्मचारियों की फटकार लगाई। पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि युवती ने निर्धारित कक्ष में गंदगी बताते हुए वहां ड्रिप लगवाने से मना कर दिया था। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कर्मचारियों के तर्क से असहमति जताते हुए चेतावनी दी कि दोबारा ऐसी हरकत की तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोनाें कर्मचारियों ने प्रभारी चिकित्साधिकारी से गलती के लिए माफी मांगी।



