Pilibhit News: व्यापार करने के लिए नहीं मिले पांच लाख तो विवाहिता को घर से निकाला
पीलीभीत। व्यापार करने के लिए ससुराल से पांच लाख रुपये न मिलने पर कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला फीलखाना की रहने वाली हिना ने बताया कि उसकी शादी 29 अप्रैल, 2023 को मोहम्मद रेहान निवासी चर्च रोड स्थित भोगल, नई दिल्ली से हुई थी। परिवार के लोगों ने शादी में हैसियत के हिसाब से दहेज भी दिया, मगर ससुराल के लोग इससे खुश नहीं थे। आए दिन उसे ताने देते रहते थे। वहीं ससुराल के लोग पति के व्यापार को बढ़ाने के लिए पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
22 मई को सुबह साढ़े 11 बजे ससुराल के सभी लोगों ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। उसने मामले की जानकारी अपनी मां रोशन आरा को दी। 23 मई को मां, भाई और अन्य रिश्तेदार आए और समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन ये लोग नहीं माने। साथ ही घर आए सभी लोगों को बाहर निकाल दिया। बाद में विवाहिता ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति रेहान, सास रेहाना बेगम, ननद डॉली, देवर फरमान और रिजवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।