बरेली

Bareilly News: रामपुर में सिग्नल फेल, रोजा में ब्लॉक, परेशान रहे यात्री

Connect News 24

बरेली। तापमान बढ़ने के साथ यात्रियों की मुसीबतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को रामपुर में सिग्नल फेल और रोजा में ब्लॉक होने के कारण करीब 12 ट्रेनें बरेली जंक्शन पर 11 घंटे तक देरी से पहुंचीं। इस कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेनों के देरी से पहुंचने के कारण कुछ यात्रियों ने तो रिजर्व टिकट भी रिफंड करा लिए। पिछले एक सप्ताह से मुरादाबाद-लखनऊ रेल खंड में ट्रेनों का टाइम टेबल डगमगाया हुआ है।

बृहस्पतिवार को रोजा में अटसलिया क्रॉसिंग पुल पर गर्डर रखने के लिए रेलवे ने दोपहर 12 से 2:50 बजे तक ब्लॉक लिया। इस दौरान अप और डाउन दोनों लाइन पर ट्रेनें प्रभावित हुईं। कई ट्रेनों को देरी से चलाया गया तो कई को अलग-अलग स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया। इधर, रामपुर में सिग्नल फेल होने के कारण भी ट्रेनों की रफ्तार थम गई। बृहस्पतिवार को 14618 जनसेवा एक्सप्रेस दो घंटे, 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस, 12584 आनंद विहार-लखनऊ डबल डेकर चार घंटे, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस छह घंटे, 12358 दुर्गयानी एक्सप्रेस दो घंटे, 22355 पाटलीपुत्र एक्सप्रेस तीन घंटे, 12369 कुंभ एक्सप्रेस दो घंटे, 13005 हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस तीन घंटे, 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, 12328 दून-हावड़ा एक्सप्रेस 11 घंटे 20 मिनट, 15910 अवध-असम एक्सप्रेस चार घंटे, 15652 लोहित एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से बरेली पहुंचीं।

फिलहाल पटरी पर आता नहीं दिख रहा टाइम टेबल

बरेली। मुरादाबाद-लखनऊ रेल खंड में फिलहाल ट्रेनों का टाइम टेबल पटरी पर आता नहीं दिख रहा है। रोजा में 318 अटसलिया क्रॉसिंग पर गर्डर रखने का काम अब भी पूरा नहीं हो सका है। इधर, बंथरा, रसुइया और सीबीगंज में भी ब्लॉक प्रस्तावित हैं। बरेली-मुरादाबाद के बीच भी दो स्थानों पर ब्लॉक प्रस्तावित हैं। हाल के दिनों में इन स्थानों पर भी दो से चार घंटे तक के ब्लॉक लिए जाने हैं। ऐसे में फिलहाल रेल यात्रियों की समस्याएं दूर होती नहीं दिख रहीं।

वर्जन-

बृहस्पतिवार को रोजा में ब्लॉक था। मुरादाबाद की ओर से आने वाली कुछ ट्रेनें भी देरी से बरेली पहुंचीं। बरेली में कोई ब्लॉक नहीं था। संचालन के साथ सुरक्षा और संरक्षा के कार्य भी जरूरी हैं। – सत्यवीर सिंह, स्टेशन अधीक्षक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button