Bareilly News: गौरी शंकर मंदिर में कमेटी पदाधिकारियों से भिड़े पीएसी सिपाही
गुलड़िया। गौरी शंकर मंदिर में सुरक्षा के लिए लगाए गए पीएसी जवान शनिवार को मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों से भिड़ गए। मंदिर में प्रकाश की व्यवस्था के लिए लगाए गए जनरेटर को बंद करा दिया। चौकी इंचार्ज बड़ागांव ने बीच-बचाव किया।
सावन में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के साथ पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। पीएसी जवानों को मंदिर के सामने स्थित इंटर कॉलेज में ठहराया गया है। ट्रांसफार्मर फुंक जाने की वजह से गांव में बिजली नहीं आ रही है। यहां वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई। टार्च की रोशनी में सिपाही खाना बनाने को मजबूर हैं।
बिजली निगम के अधिकारियों से बात करने के बात भी कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों से बात करने पर उन्होंने भी कोई सहयोग नहीं दिया। इसको लेकर शनिवार को जवान आक्रोशित हो गए। उन्होंने मंदिर के लिए लगाए गए जनरेटर को बंद करा दिया। इस दौरान काफी देर तक नोकझोंक हुई। बड़ागांव चौकी प्रभारी विजयपाल ने बताया कि मामूली कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाद खत्म करा दिया गया।
ट्रांसफार्मर में लगी आग
गुलड़िया। गौरी शंकर मंदिर सामने रखे ट्रांसफार्मर में शनिवार को शाम के समय आग लग गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। सूचना देकर सप्लाई बंद कराने के बाद जैसे-तैसे आग बुझाई गई। गनीमत यह रही कि शाम का समय होने की वजह से वहां भीड़ कम थी, नहीं तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि ट्रांसफार्मर में फॉल्ट की वजह से चिंगारियां निकलती हैं। इसकी शिकायत भी की गई थी इसके बाद भी अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद आपूर्ति भी ठप हो गई। संवाद



