Shahjahanpur News: बाडूजई प्रथम में छह माह की गर्भवती की मौत
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाडूजई प्रथम निवासी विवेक सक्सेना की गर्भवती पत्नी कोमल (22) की रविवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने उपचार न कराने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वर्ष-2022 में विवेक ने लाला तेली बजरिया मोहल्ला निवासी कोमल के साथ प्रेम-विवाह किया था। दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। इस बीच कोमल गर्भवती हो गई। शनिवार को उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।
विवेक के अनुसार, कोमल छह माह की गर्भवती थी। खून की कमी और ब्लड प्रेशर डाउन होने के चलते उसने दम तोड़ दिया। कोमल की मौत की सूचना ससुर प्रवीण श्रीवास्तव को दी थी। दूसरी ओर मृतका के पिता ने रविवार को सदर थाने में तहरीर देकर बेटी का उपचार नहीं कराने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।