रामपुर

Rampur News: शिवालयों के बाहर लगीं कतारें, भक्तों ने किया जलाभिषेक

Connect News 24

रामपुर। सावन के दूसरे सोमवार को हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच लाखों शिवभक्तों ने शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। जिलेभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दिन भर पूजा-अर्चना की। तमाम शिव भक्त कांवड़ लेकर यहां पहुंचे। उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मंदिरों में भंडारे का भी आयोजन हुआ। सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं।

भमरौआ में प्राचीन शिव मंदिर, पंजाब नगर शिव मंदिर और शिव मंदिर कोसी मार्ग पर सुबह तड़के ही कांवड़ियों ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करना शुरू कर दिया। ब्रजघाट और हरिद्वार से जल लेकर कांवड़िये यहां पहुंचे थे। कोई डाक कांवड़ में दौड़कर यहां आया तो कोई पैदल चलकर कांवड़ लाया। इसके बाद सभी ने भगवान शिव का जलाभिषेक करना शुरू किया। एक के बाद एक कांवड़िये भोले की भक्ति में लीन होकर महादेव के जयकारे लगाते रहे।

मंदिरों में भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं को लाइन में खड़ा होना पड़ा। श्रद्धालुओं ने आस्था भाव के साथ शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध, फल और मिष्ठान आदि चढ़ाकर संपूर्ण विश्व के जगत कल्याण की कामना की। महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे। मंदिरों के बाहर मेले में श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों के बाद पुलिस व प्रशासनिक अफसर जमे रहे। स्वास्थ्य टीमों ने आपात स्थिति में श्रद्धालुओं का उपचार किया।

शहर में अजीतपुर स्थित शिव मंदिर, कृष्णा विहार मंदिर, हाईवे स्थित शिव सांई मंदिर, जोकीराम की बगिया स्थित मंदिर, पुराना गंज स्थित माई की थान मंदिर, मुनीश्वर दत्त का मंदिर, हरिहर मंदिर, मिस्टनगंज स्थित प्राचीन राधा कृष्णा मंदिर, न्यू आवास विकास कालोनी स्थित नर्मदेश्वर मंदिर, पुरानी आवास विकास शिव मंदिर, चीनी मिल गेट स्थित मनोकामना मंदिर, जिला पंचायत मार्ग स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की। सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखा।

वहीं टांडा के बादली प्राचीन शिव मंदिर, मंडी मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कोतवाली स्थित शिव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को आये भक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ भगवान शिव की शिवलिंग पर दुग्धाभिषेक किया। शाहबाद में सावन के दूसरे सोमवार को बृजघाट और हरिद्वार से डाक कावड़ और बैकुंठी कांवर लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने जल चढ़ाया। सीओ केएन आंनद, एसडीएम सुनील कुमार और कोतवाल करनपाल सिंह मौजूद रहे। जबकि बिलासपुर, केमरी, खजुरिया और भोट में सोमवार की सुबह से ही नगर के मोहल्ला काली का मंदिर, श्री सनातन धर्म मंदिर मढ़ी मंदिर, रामपुर रोड स्थित शिव मंदिर, पंजाबी कॉलोनी स्थित सनातन धर्म मंदिर, मनोरम मंदिर, दुर्गा पंचायत भवानी मंदिर, शीतला माता मंदिर, सिनेमा रोड स्थित मंदिर, श्री बालाजी मंदिर, ग्राम चंदेन स्थित ऐतिहासिक मंदिर, ग्राम बिढ़वा नगर स्थित मोटा महादेव शिव मंदिर आदि मंदिरों में जलाभिषेक किया।

कांवाड़ियों ने भी जलाभिषेक कर मनौतियां मांगीं। स्वार में बड़ा शिव मंदिर, सैनी मंदिर, गीता मंदिर, हनुमान मंदिरों पर सुबह पूजन-अर्चन शुरू हुआ। इस दौरान शिवालयों में लोगों ने जलाभिषेक किया और मनौतियां मांगी। इसके अलावा मिलक में मनोकामना मंदिर, प्राचीन दुर्गा मंदिर, राम सिंह की मढृी, रठौंडा मंदिर, बागेश्वर महादेव मंदिर समेत तमाम मंदिरों में पूजन-अर्चन किया गया। पूरे दिन लोगों ने भोले बाबा की अर्चना की और व्रत रखे। देर शाम को आरती पूजन के साथ शिव चालीसा का पाठ किया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button