Rampur News: हाईवे पर लगा एक किलोमीटर लंबा जाम, चार घंटे तक रेंगते रहे वाहन
रामपुर। सावन के दूसरे सोमवार पर कांवड़ियों की भीड़ की वजह से मुरादाबाद-बरेली हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। हाईवे पर एक लेन से कांवड़िये गुजर रहे थे। दूसरी लेन पर दोनों तरफ के कार, बाइक आदि छोटे वाहन चलने के चलते हाईवे पर एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह 10 बजे पुलिस ने मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को रोक दिया। बरेली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों को एक-एक कर गुजारा गया। इसके चलते दो बजे तक वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे। दो बजे के बाद यातायात बहाल हो सका। वहीं रात आठ बजे से हाईवे की दोनों लेन पर सभी वाहन चलने लगे।
सोमवार सुबह हाईवे पर एक लेन में कांवड़िये गुजारे गए। हरिद्वार, ब्रजघाट से कांवड़िये जलाभिषेक करने को शिवालयों पर पहुंचे, तो उनकी संख्या अधिक रही। दूसरी लेन में कार, बाइक आदि वाहनों को आने-जाने दिया जा रहा था। सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धालु काफी संख्या में जलाभिषेक करने के लिए कार, बाइक आदि पर सवार होकर हाईवे से निकले। वहीं रोजमर्रा काम से बरेली-मुरादाबाद जाने वाले लोगों की संख्या अधिक रही। इस वजह से जाम लग गया।
सुबह 10 बजे जीरो प्वाइंट पर बरेली की दिशा में एक किलोमीटर लंबा जाम था। इसलिए मुरादाबाद से आने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट पर रोक दिया और बरेली की दिशा से आए वाहनों को एक-एक करके मुरादाबाद की ओर निकाला। वहीं बरेली से आने वाले वाहन शहजादनगर बाइपास पर रोके गए। यहां पर जाम में फंसे वाहन धीरे-धीरे करके बरेली की ओर निकाले। दोपहर में दो बजे हाईवे पर यातायात कम हुआ और वाहनों का आवागमन सुचारू हो पाया। हाईवे पर चार घंटे तक वाहन रेंगते हुए गुजरे। बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर सोमवार रात आठ बजे यातायात खोल दिया गया। अब शुक्रवार रात आठ बजे तक हाईवे पर छोटे-बड़े वाहन फर्राटा भरेंगे। इ
बड़े वाहन शाहबाद से होकर गुजरे
बड़े वाहन ट्रक, लोडर, रोडवेज बसें व अन्य व्यावसायिक वाहनों को शाहबाद होकर गुजारा गया। मुरादाबाद और बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहन इसी रोड से होकर गुजरे। रामपुर से हल्द्वानी-रूद्रपुर को जाने व वहां से आने वाले भारी वाहनों को बिलासपुर गेट से गुजारा गया।
यात्री हुए परेशान
रूट डायवर्जन की वजह से रोडवेज बसें हाईवे से न गुजारकर शाहबाद की ओर से निकाली जा रही हैं। ऐसे में रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे यात्रियों को समय से बस न मिल पाने के कारण परेशान होना पड़ा। बस स्टैंड पर कुछ बसें पहुंच रही तो कुछ हाईवे से ही बाहर-बाहर गुजरकर अजीतपुर बाइपास से शाहबाद की ओर जा रही हैं। ऐसे में बसों के बदले रूट से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। सोमवार को रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ रही।

