Shahjahanpur News: तालाब में पड़ा मिला नौ साल के बालक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

कल्याण का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र में सबलपुर गांव निवासी नौ साल के बालक कल्याण का शव तालाब में पड़ा मिला, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। कल्याण सोमवार दोपहर पिता को खाना देने खेत पर गया था। खेत से घर वापस नहीं आया था। परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सबलपुर गांव निवासी साकेश का पुत्र कल्याण सोमवार शाम को अपने पिता के लिए खाना लेकर खेत पर गया था। खाना देकर वह घर की ओर चल दिया। करीब एक घंटे बाद घर पहुंचे साकेश को कल्याण के घर नहीं पहुंचने की जानकारी हुई। तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 9:30 बजे कल्याण का शव तालाब में पड़ा मिला।
सूचना के बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया। साकेश ने परिवार के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। साकेश की पुरानी रंजिश परिवार के सदस्यों से चल रही है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि मामले में तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।