Shahjahanpur News: काम करने से मना करने पर युवक को किया जख्मी
तिलहर। हरिद्वार चलकर मजदूरी करने से मना किए जाने पर ठेकेदार और अन्य लोगों ने युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक को सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।
मोहल्ला बहादुरगंज निवासी 45 वर्षीय गुरमीत मंगलवार की दोपहर अपने घर पर था। इस दौरान मोहल्ले के ही आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे और चाकू से लैस होकर उसके घर में घुस आए और पीटते हुए उसे सड़क पर खींच ले गए। गुरमीत के छोटे भाई अंकित की पत्नी रूबी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि आरोपी हरिद्वार में लड्डू बनाने और बेचने का काम करते हैं। आरोपियों ने गुरमीत से हरिद्वार चलकर मजदूरी करने के लिए कहा था। इन्कार करने पर हमला कर दिया। मोहल्ले वालों के आने पर हमलावर भाग गए। सीएचसी के डॉक्टर ने बताया कि गुरमीत की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
