शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: युवक को सांप ने डसा, झाड़फूंक में बिता दिए 15 घंटे, चली गई जान

Connect News 24

Snake bit the young man, spent 15 hours in the bush, lost his life

मृतक अर्जुन का फाइल फोटो

शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव ईश्वरा निवासी अर्जुन (20) को बुधवार को गन्ने के खेत में खाद डालते समय सांप ने डस लिया। परिजन अस्पताल ले जाने के बजाय 15 घंटे तक झाड़फूंक कराने वालों के चक्कर लगाते रहे। इस दौरान युवक की मौत हो गई।

बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे अर्जुन गन्ने के खेत में खाद डाल रहा था। तभी उसके पैर में सांप ने डस लिया। वह सीधा घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। परिवार वाले उसे अस्पताल ले जाने के बजाय तिलहर के जनियुरा गांव में झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए। उसने बिरबा पिलाने के बाद झाड़फूंक शुरू कर दी। आधे घंटे में जहर फैलने पर अर्जुन मूर्छित हो गया तो झाड़-फूंक करने वाले ने कहीं और ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे लेकर बंडा के सुनासिरनाथ, मिर्जापुर के ढाई और जैतीपुर के एक गांव में झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए।

मृतक के ताऊ रविंद्र ने बताया कि सर्पदंश के डेढ़ घंटे बाद ही अर्जुन की मौत हो गई थी। जिंदा हाेने की संभावना के चलते उसे लेकर वैद्यों के चक्कर लगाते रहे। रात करीब दो बजे परिजन शव लेकर घर लौटे। सुबह सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

दो साल पहले पशु की टक्कर से हो गई थी पिता की मौत

11 दिसंबर 2020 को अर्जुन के पिता महेंद्र कुमार को सुअर ने खेत में टक्कर मार दी थी। पेट में टक्कर लगने से उनकी मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद भाइयों में दूसरे नंबर के अर्जुन ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी। कक्षा 11 में पढ़ने के साथ ही वह खेतीबाड़ी भी करने लगा था। वह पांच भाई व पांच बहनें थे। मां नेमा देवी के आंसू नहीं थम रहे हैं।

अंधविश्वास की घटनाएं

1. 18 अगस्त 2022 को जैतीपुर के गांव मरुआझाला गांव में पूर्व प्रधान को सांप ने डस लिया था। दो दिन तक देसी इलाज कराने के बाद 20 अगस्त को उनकी मौत हो गई।

2. 12 जुलाई 2022 को पुवायां के गांव गंगसरा में एक ढाबा संचालक को सांप ने डस लिया। परिजन बंडा में झाड़फूंक कराते रहे। बाद में राजकीय मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद भी उसकी झाड़फूंक कराते रहे।

3. 12 जून 2022 को निगोही के मोहरतला गांव में सांप काटने के बाद परिजन युवक की झाड़फूंक कराते रहे। बाद में मृत्यु होने पर कई दिन तक गोबर में दबाकर रखा। फिर अंतिम संस्कार किया।

20 जून 2023-मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव सहजनपुर में राकेश के 12 साल के पुत्र अमन को सांप ने काट लिया। परिजन देसी उपचार कराने को कटरा के सलेमपुर ले गए। जहां उसने अस्पताल ले जाने की सलाह दी। उसकी मौत हो गई।

सांप के डसने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें

– सर्पदंश के बाद तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर इलाज कराएं।

– सर्पदंश पर घबराना नहीं है। घबराने से दिल का दौरा पड़ने की आशंका रहती है।

– जिस अंग पर सांप काटे, उसे चलाएं या फिराएं नहीं, स्थिर कर दें। वहां चीरा भी न लगाएं।

– 80 प्रतिशत सांप जहरीले न होने के कारण झाड़-फूंक करने वाले फायदा उठाते हैं।

डॉ. एमएल अग्रवाल, फिजिशियन-राजकीय मेडिकल कॉलेज

मृतक अर्जुन का फाइल फोटो

मृतक अर्जुन का फाइल फोटो


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button