Budaun News: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पिता ने कहा-हत्या हुई

मृतका सुनीता का फाइल फोटो।
शव छोड़कर भाग गए ससुराल वाले, सामान भी ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर जल्लूनगर में शनिवार रात सुनीता (28) पत्नी राजेश की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बाद में ससुराल वाले शव छोड़कर भाग गए। घर का सामान भी समेट ले गए। यहां तक कि जानवर भी अपने साथ ले गए। सुनीता के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। इधर गांव में चर्चा है कि महिला ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दी है।
संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव उमरा निवासी सुखवीर यादव ने बेटी सुनीता की शादी 18 दिसंबर 2018 को कमालपुर जल्लूनगर निवासी राजेश के साथ की थी। सुखवीर का कहना है कि उनके यहां प्रथा है कि शादी के बाद दामाद को घर बुलाकर कुछ सामान दिया जाता है। पर वह दामाद को नहीं बुला सके ऐसे में वह नाराज था।
बाद में दामाद दहेज में भैंस और रुपये भी मांगने लगा। सुनीता के साढ़े तीन साल की बेटी नेहा भी है। शनिवार रात उन्हें सूचना मिली कि सुनीता की तबीयत खराब है। ससुराल वाले उसे दवा दिलाने गए लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर वह गांव पहुंचे।
सुनीता के पिता का कहना है कि जब वह बेटी के घर पहुंचे तो उसका शव पड़ा था, ससुराल का कोई व्यक्ति नहीं था। उन्होंने सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। पिता ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
00
विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
उझानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव हरहरपुर निवासी 22 वर्षीय तान्या अपनी मां अनीता के साथ रविवार सुबह कोतवाली आई। आरोप है कि पति सुनील उससे मारपीट करता है। कभी घरेलू कारणों तो कभी दहेज में रुपये लाने के लिए प्रताड़ित करता है। दो दिन पहले उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद दातागंज के गांव बरियारपुर से उसकी मां ने आकर हौसला बढ़ाया। उसने पति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर भी दी है। संवाद

मृतका सुनीता का फाइल फोटो।


