Bareilly: शहर में कलर कोडिंग के साथ निर्धारित रूट पर ही चल सकेंगे ई-रिक्शा, नियम तोड़ा तो होगा चालान

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में कलर कोडिंग के साथ 11,684 ई-रिक्शा निर्धारित रूट पर ही दौड़ सकेंगे। मंडलायुक्त ने 18 जुलाई को इसके लिए निर्देश दिए थे। एआरटीओ ने पंजीकृत ई-रिक्शा चालकों के नाम-पते देखकर उनके लिए दो-ढाई किलोमीटर दायरे का रूट तय करने के लिए होमवर्क शुरू किया है।
अगर ई-रिक्शा निर्धारित मार्ग से बाहर गया तो चालान होगा। आरटीओ एवं पुलिस अधीक्षक यातायात ई-रिक्शा की सूची तैयार करेंगे, तब रूटवार कलर कोडिंग होगी। एआरटीओ मनोज कुमार ने बताया कि प्रत्येक ई-रिक्शा के पीछे व आगे कलर कोडिंग के हिसाब से स्टीकर लगाए जाएंगे।
एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा पर कलर कोडिंग का काम सोमवार से शुरू हो सकता है। आरटीओ दफ्तर से इसके लिए सूची मांगी गई है, सूची मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।



