बरेली

Bareilly News: 20,000 घरों की बिजली गुल, एक लाख लोगों की नींद उड़ी

Connect News 24

बरेली। सिविल लाइंस से जगतपुर की ओर आने वाली 33 केवी लाइन के भूमिगत केबल में आधी रात करीब एक बजे फाल्ट हो गया। इससे जगतपुर सबस्टेशन से जुड़े जगतपुर, सतीपुर चौराहा, रोहली टोला, विस्तार, चक चुंगी, आकाशपुरम फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। इन मोहल्लों की गलियों के साथ ही यहां के 20,000 घरों की बिजली गुल हो गई। करीब एक लाख लोगों की नींद खराब हो गई।

आपूर्ति शुरू होने के इंतजार में लोग जागे तो बार-बार सबस्टेशन पर फोन करते रहे। बिजली कब आएगी, इसका जवाब नहीं मिला। सिस्टम सोमवार दोपहर तक पूरी तरह से ठीक नहीं हो सका था। वैकल्पिक व्यवस्था में दोहना सबस्टेशन से 33 केवी की आपूर्ति सुबह 5:30 बजे मिल सकी। सेटेलाइट के पास भूमिगत केबल में फाल्ट था जिसे सोमवार को दोपहर तीन बजे तक ठीक किया जा रहा था। अवर अभियंता ने बताया कि 5.5 मीटर लंबी 33 केवी की लाइन है। करीब आठ वर्ष पुरानी भूमिगत लाइन है। सेटेलाइट के पास सीवर लाइन की खोदाई के वक्त लाइन कट गई थी। जोड़कर चलाई गई लेकिन लाइन कमजोर हो गई। इसी स्थान पर डेढ़ वर्ष में तीन बार फाल्ट हुआ है। अगर कमजोर केबल को बदल दिया जाए तो बार बार फाल्ट नहीं होंगे।

6.5 फुट नीचे पहुंच गई भूमिगत केबल, घंटों लगते हैं खोदाई में

सेटेलाइट के पास केबल सड़क से 6.5 फुट नीचे पहुंच गई है। आठ वर्ष पहले जब केबल डाली गई थी तो तीन फुट नीचे थी लेकिन सड़क ऊंची होती गई और केबल नीचे जाती गई। अब फाल्ट होने पर इतनी गहरी खोदाई करने में वक्त लगता है। अभियंता कहते हैं कि जहां कहीं भी भूमिगत केबल डाली जाए, वहां डक्ट बनें तो इस तरह की समस्या आगे नहीं आएगी।

वर्जन

रात 1.55 बजे फाल्ट से आपूर्ति ठप होने की जानकारी मिली। तत्काल मरम्मत करने के लिए कर्मचारियों ने 5.5 किलोमीटर लंबी लाइन की पेट्रोलिंग की। सुबह 5.30 बजे दोहना सबस्टेशन से बिजली जोड़ कर आपूर्ति दी गई।

गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड

रामपुर गार्डन, अग्रसेन पार्क व पुराना रोडवेज में फाल्ट

रामपुर गार्डन, अग्रसेन पार्क और पुराना रोडवेज फीडर के 1700 उपभोक्ताओं को सोमवार को शाम 3.14 से 4.45 बजे तक बिजली नहीं मिली। अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में ट्रिपिंग हुई। फाल्ट तलाशने और उसे ठीक करने में डेढ़ घंटा लग गया। इसके बाद आपूर्ति सुचारू करा दी गई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button