Budaun News: युवक ने भाई के घर में फंदे से लटककर जान दी
– छह साल पहले पत्नी छोड़कर चली गई, गांव में अकेला रहता था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
दबतोरी (बदायूं)। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरुआ खेड़ा में मंगलवार को सोमपाल (27) ने अपने भाई के घर में फंदे से लटककर जान दे दी। वह काफी समय से घर में अकेला रह रहा था। उसके भाई और मां पंजाब में मजदूरी करते हैं। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव के छोटेलाल के चार बेटों में सोमपाल दूसरे नंबर का था। ग्रामीणों के मुताबिक उसके दो बच्चे हैं। वह शराब पीने का आदी था। इससे करीब छह साल पहले उसकी पत्नी दोनों बच्चों को छोड़कर चली गई थी। तभी से उसकी मां ही दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। उसकी मां और तीन भाई पंजाब में मजदूरी कर रहे हैं। उसके दोनों बच्चे भी पंजाब में हैं।
उसने अपने भाई के घर में फंदे से लटककर जान दे दी। जब मंगलवार दोपहर तक उसके घर का गेट नहीं खुला तो पड़ोसियों ने दरवाजे पर पहुंचकर आवाज लगाई। अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो मोहल्ले वालों ने छत पर चढ़कर देखा। वहां वह घर के आंगन में लिंटर की सरिया से बांधी गई रस्सी के फंदे से लटका हुआ था।
पड़ोसियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और शव को फंदे से उतारा गया। पुलिस ने उसके परिवार वालों को सूचना दे दी है। वह बुधवार सुबह तक बदायूं पहुंचेंगे। इसके बाद ही युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। माना जा रहा है कि युवक ने अवसाद में आकर जान दी है।