Bareilly News: निवेशकों की मांग, जमीन मिले तो शुरू कराएं निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Fri, 28 Jul 2023 01:36 AM IST
बरेली। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू साइन करने वाले निवेशकों ने कहा कि उन्हें होटल निर्माण के लिए जमीन अभी तक नहीं मिल सकी है। कुछ जमीन चिह्नित हुईं लेकिन उन पर बीडीए की ओर से आपत्ति लगाई गई है।
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन की ओर से गांव अंगूरी में डिस्ट्रीब्यूशन स्टेशन के लिए जमीन का चयन कर लिया गया। इस पर बीडीए ने यह कह कर आपत्ति लगाई कि यहां मेला लगता है। जमीन को व्यावसायिक काम के लिए परिवर्तित नहींं किया जा सकता है। इस पर डीएम ने कहा कि इस बारे में प्रमुख सचिव उद्योग को जानकारी दी जाए।
रिंकू डेयरी की ओर से धारा-80 के लिए किया गया आवेदन लंबित है। इस पर डीएम ने कहा कि जल्द निस्तारण कराया जाए। कुछ फैक्ट्री निर्माणाधीन हैं। उनकी भी जानकारी दी गई। हेरिटेज होटल की ओर से बताया गया कि बीडीए से मानचित्र पास होना है। जल्द पास हो जाएगा तो निर्माण शुरू कर देंगे। बालाजी एलॉयज ने बताया कि बाउंड्री हो गई है। बीडीए से एनओसी आनी है। रोहिलखंड फाइब्रोमेक्स की रोड 12 मीटर से कम चौड़ी होने पर अग्निशमन से एनओसी नहीं मिली। इस पर डीएम ने शासन से परामर्श लेने की बात कही। परसाखेड़ा में कुछ सड़कों के चौड़ीकरण के विषय में नगर निगम की ओर से बताया गया कि बोर्ड से अनुमति मिलनी है।
भोजीपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि पीएनसी कंपनी नाला निर्माण में लापरवाही बरत रही है। अभी तक सिर्फ मिट्टी का भरान हुआ है। इस मौके पर चैंबर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



