Budaun News: गंगाघाट पर बढ़ी कांवड़ियों की संख्या, गूंजे जयकारे

कांवड़ियों की टोली में सजी भोलेनाथ की झांकी।
शिवभक्तों की टोलियों की संख्या में शनिवार शाम से और इजाफा होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/कछला। गंगाघाट पर कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने लगा है। शुक्रवार तड़के से बरेली, पीलीभीत और बदायूं जिले के शिवभक्तों की टोलियां यहां पहुंचने लगीं। बाद में सभी गंगाजल भरकर हाईवे से अपने गंतव्य को रवाना हुए। ऐसे में महादेव के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।
शुक्रवार को भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था से जुड़े भक्तों की टोलियां कछला गंगाघाट से निकलनी शुरू हुईं तो बरेली-मथुरा हाईवे पर बम-भोले और महादेव के जयकारों के अलावा कुछ और सुनाई नहीं दिया। बीसलपुर की टोली ने भी जलाभिषेक को गंगाघाट से निकलते समय कलाकारों के साथ नृत्य किया।
टोलियों में शामिल बदायूं के धर्मपाल ने बताया कि वह और उसके साथ मौजूद शिवभक्त सोमवार तड़के तक शाहजहांपुर के पटना देवकली स्थित शिव मंदिर में पहुंच कर जलाभिषेक करेंगे। इसी प्रकार बदायूं जिले की आठ-नौ टोलियों में शामिल शिवभक्त भी पटना देवकली रवाना हो गए हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे शुक्रवार देर रात तक गुलजार रहा। गंगाघाट के दुकानदारों में चंद्रप्रकाश ने बताया कि शनिवार शाम से कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने लगेगा। रविवार शाम से ही बाइक सवार कांवड़िये गंगाघाट से लेकर हाईवे तक नजर आएंगे।
–
थके तो हाईवे किनारे किया आराम
पैदल कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों की संख्या सबसे अधिक नजर आ रही है। शुक्रवार को बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला से लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज तक पांच-छह स्थानों पर कांवड़ियों की टोलियां आराम करती मिलीं। टोली में शामिल शिवभक्त प्रमोद ने बताया कि थकान होने पर साफ-सुथरे स्थान पर ही कांवड़ रखकर आराम करते हैं। इसके बाद आगे की यात्रा शुरू करने से पहले भगवान भोलेनाथ से भूल चूक की क्षमायाचना भी करते हैं।
–
पुलिस को सजग रहने का निर्देश
गंगाघाट से लेकर जजपुरा मंदिर तक कोतवाली क्षेत्र में तीन कांवड़ सहायता केंद्र बने हैं। कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने की संभावना के तहत तीनों केंद्र पर देर रात से ही पुलिस कर्मियों को सजग कर दिया गया। इसके अलावा हाईवे के अन्य सुरक्षा प्वाइंटों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स ड्यूटी पर लगाया गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांवड़ियों की टोली में सजी भोलेनाथ की झांकी।

कांवड़ियों की टोली में सजी भोलेनाथ की झांकी।



