Rampur News: सैफनी की प्रथमा बैंक के पूर्व बैंक मैनेजर व पूर्व कैशियर समेत तीन पर धोखाधड़ी का केस
रामपुर। सैफनी स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में मुरादाबाद निवासी संजय शर्मा के नाम पर फर्जी खाता खोलकर लाखों का लेनदेन करने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पूर्व बैंक मैनेजर और कैशियर समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की जांच शुरू कर दी है। मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम नगर पूर्व बैंक कॉलोनी खुशहापुर निवासी संजय शर्मा ने सैफनी थाने में कोर्ट के माध्यम से धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि सैफनी स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के पूर्व मैनेजर भोलानाथ निवासी आशियाना कॉलोनी मुरादाबाद, पूर्व कैशियर रवि कुमार निवासी गुडवा लखनऊ और सैफनी निवासी रविंद्र ने फर्जी तरीके से उसके नाम से खाता खोलकर लाखों रुपये का लेनदेन कर लिया था। जबकि उसने उस शाखा में कोई भी खाता नहीं खुलवाया था। आरटीआई से जानकारी हुई कि संजय कुमार के नाम से खोले गए फर्जी खाते से लाखों का लेनदेन किया गया है। आरोप लगाया कि पूर्व बैंक मैनेजर भोलेनाथ उनका परिचित रहा है तथा उसे अपने बहनोई महेश कुमार पुत्र टीकाराम निवासी सागर सराय मुरादाबाद के एक लोन में पारिवारिक मित्र होने के कारण गारंटर बनाया था। आरोप लगाया कि पूर्व बैंक मैनेजर ने उस समय उसके प्रपत्रों पर साइन करवाते समय उसकी मुरादाबाद की आईडी एवं पैन कार्ड की छायाप्रति ली थी। सैफनी पुलिस ने उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 506 में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


