Shahjahanpur News: संदिग्ध हालात में किशोर के सीने में लगी गोली
शाहजहांपुर। खेत की मेड़ पर ब्लेड वाले तार लगा रहे किशोर को संदिग्ध हालात में सीने में गोली लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली मारने वाले का पता नहीं चल सका है।
थाना कलान क्षेत्र के गांव नवाबों की झकरेली निवासी वीरेश का 15 वर्षीय बेटा अनूप शाम करीब 07:30 बजे गांव के बाहर अपने खेत में पशुओं से फसल को बचाने के लिए ब्लेड वाला तार बांध रहा था। तभी एक गोली उसके सीने में आकर लगी। वह लहूलुहान होकर गिर गया। कलान थाना प्रभारी गौरव त्यागी ने बताया कि अभी गोली लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और कोई तहरीर भी नहीं आई हैं। किशोर का इलाज बदायूं के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। संवाद