Shahjahanpur News: बकरी चराने गए किशोर की खन्नौत नदी में डूबकर मौत
शाहजहांपुर। बकरी चराने गए किशोर का नदी में पैर फिसल गया। परिजन आधे घंटे बाद उसे बाहर निकाल पाए, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
थाना सिंधौली क्षेत्र के गरबा गांव निवासी दिनेश कश्यप का 17 वर्षीय बेटा रमेश कश्यप बुधवार शाम को गांव के बाहर खन्नौत नदी किनारे बकरी चराने के लिए अपनी छोटी बहन नौ वर्ष की सोनल के साथ गया था। सोनल खेत में बकरी चरा रही थी। तभी रमेश खन्नौत नदी के किनारे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गया। यह देखकर सोनल ने शोर मचाया तो कुछ दूरी पर खेत में काम कर रहा उसका चचेरा भाई हरीराम और पिता दिनेश मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीण की मदद से करीब आधा घंटे तक रमेश को तलाश किया गया। कुछ देर में नदी किनारे उसका शव मिल गया। उसकी मौत की सूचना सुनकर परिवार में मां राधा देवी, भाई अमन, अनुपम और बहन सोनल का रो-रोकर बुरा हाल है। दिनेश ने बताया कि इस बार उन्होंने रमेश का दसवीं का फार्म भरवाया था। वह पढ़ाई करने में काफी होशियार था।