शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: पुनर्विकसित होगा शाहजहांपुर स्टेशन, पीएम ने किया ऑनलाइन शिलान्यास

Connect News 24

शाहजहांपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मुरादाबाद मंडल के 12 स्टेशनों में शाहजहांपुर स्टेशन को भी चुना गया है। स्टेशन को पुनर्विकसित किए जाने की योजना है, जिसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ऑनलाइन किया।

स्थानीय स्तर पर स्टेशन के मालगोदाम साइड में प्लेटफार्म नंबर पांच पर स्थित शेड पर कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि सांसद अरुण ने कहा कि स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाए जाने के लिए वह भी वह काफी समय से प्रयास कर रहे थे। कभी स्टेशन पर रेल यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करने, भोजन व पेयजल की सुविधाओं का अभाव था। इसमें अब काफी सुधार हुआ है, लेकिन अब भी बहुत से कार्य बाकी हैं। इनमें एफओबी का निर्माण, एस्केलेटर लगाए जाने का कार्य प्रमुख है, जोकि अब अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत होगा। इसके साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, दो मंजिला इमारत बनाने, वातानुकूलित विश्रामगृह, कैंटीन की सुविधा आदि पर भी कार्य होगा। इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन किया।

राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि देश के 508 और मंडल के 12 रेलवे स्टेशनों में शाहजहांपुर स्टेशन को शामिल किया जाना गौरव की बात है। जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि स्टेशन का कायाकल्प होने वाला है, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव हुआ है।

अमृत भारत योजना के मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीईएन अनुपम चाहर ने बताया कि शाहजहांपुर स्टेशन का प्रथम व द्वितीय प्रवेश द्वार दोनों ओर ही कार्य कराए जाएंगे। 12 और छह मीटर के दो एफओबी का निर्माण होगा। एस्केलेटर लगेंगे। सर्कुलेटिंग एरिया का सुंदरीकरण होगा। मालगोदाम की ओर स्थित प्लेटफार्म को मुख्य बनाने और ट्रेनों के संचालन की योजना भी है। तेलटंकी के पास गार्डन बनेगा। इसके साथ ही अन्या यात्री सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के बीच में निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य व विशिष्ट अतिथियों ने पुरस्कृत भी किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर, पुवायां विधायक चेतराम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल, भाजपा नेता राकेश मिश्र अनावा, प्रदीप पांडेय, राजेश वर्मा, उत्तर रेलवे से शाहजहांपुर जंक्शन के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके ठाकुर, एईएन रिषभ दत्त, स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button